सएससी परीक्षा में दो मुन्नाभाई गिरफ्तार
गोरखपुर। रविवार को आयोजित एसएससी की परीक्षा में नकल करते दो अभ्यर्थी पकड़े गए हैं। इन्हे जुबिली और एमएसआई इंटर कॉलेज से गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से पुलिस को सिमकार्ड लगी डिवाइस मिली है, जिसके जरिए दोनों बातचीत कर रहे थे। क्राइम ब्रांच की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
रविवार को जिले में दोपहर दो बजे से एसएससी (स्टाफ सलेक्शन कमीशन) के दूसरी पाली की परीक्षा थी। एमएसआई इंटर कॉलेज में प्रश्न पत्र मिलने के बाद रोल नंबर 3007042706 पर परीक्षा दे रहा अभ्यर्थी मोहित वेदवान तेज आवाज में प्रश्न पत्र पढ़ने लगा। गतिविधि संदिग्ध लगने पर कक्ष निरीक्षक इफ्तेखार अहमद खान और नुरुलहुदा खान ने अभ्यर्थी की तलाशी ली तो दाएं कंधे पर टेप से चिपकाई गई एक डिवाइस मिली जिसमें सिमकार्ड लगा था। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने जुबिली इंटर कॉलेज में परीक्षा दे रहे अपने साथी निशांत राणा के पास भी ऐसा ही डिवाइस होने की जानकारी दी। इसके बाद जुबिली इंटर कॉलेज पहुंची पुलिस ने रोल नंबर 3007078298 पर परीक्षा दे रहे निशांत राणा को कक्ष निरीक्षक महेंद्र प्रसाद और अच्युतानंद द्विवेदी की मदद से गिरफ्तार कर लिया। काले रंग के कपड़े में डिवाइस को उसने गले में बांध रखा था। निरीक्षक के पूछने पर निशांत ने ताबीज होने की जानकारी दी थी। पकड़े गए दोनों अभ्यर्थी बागपत जिले के रहने वाले हैं। कोतवाली थाने में देर रात तक सीओ क्राइम अभय मिश्रा ने दोनों से पूछताछ कर रैकेट में शामिल लोगों के बारे में जानकारी ली।
डिवाइस से कनेक्ट थे नौ लोग
निशांत के पास सिमकार्ड मिले डिवाइस से नौ लोग कनेक्ट थे। पुलिस सात अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी इकट्ठा करने में जुटी है। वहीं, परीक्षा शुरू होने के बाद अभ्यर्थियों के पकड़ लिए जाने के कारण अधिकारियों ने पर्चा लीक होने की खबर से इन्कार किया है।