नई बाजार में व्यापारी का शव सड़क पर रखकर लगाया जाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मृतक की पत्नी रीमा गुप्ता ने परिवार की सुरक्षा, बच्चों की शिक्षा के लिए 50 लाख रुपये का सहयोग, खुद को सरकारी नौकरी और नई बाजार में पुलिस पिकेट की ड्यूटी लगाने की मांग का पत्र एसडीएम चौरीचौरा को दिया। एसपी साउथ ज्ञान चतुर्वेदी ने 24 घंटे में फरार बदमाशों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। उसके बाद जाम खत्म हुआ। इटौवा घाट पर व्यापारी के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
नई बाजार निवासी सतई के पुत्र दिनेश गुप्ता की दुकान में रविवार की दोपहर दो बजे के करीब पहुंचे तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गोलियों से घायल दिनेश गुप्ता मेडिकल कॉलेज ले जाते समय दम तोड़ दिए। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर घरवाले रविवार की रात ही चले आए। सोमवार की सुबह अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थी कि इसी बीच कुछ रिश्तेदार, घरवालों ओर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों के साथ घरवाले सुबह करीब सात बजे शव के साथ नई बाजार चौराहे पर धरने पर बैठ गए।
सूचना पाकर एसपी देहात गणेश साहा, एसपी ट्रैफिक आदित्य वर्मा, सीओ प्रवीण कुमार, एसडीएम कृतिका ज्योत्सना सहित कई आला अफसर के साथ पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूर्व विधायक बेचन राम और उपभोक्ता सलाहकार समिति के अध्यक्ष रविकांत तिवारी मृतक के घरवालों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश में थे। उसी बीच विधायक संगीता यादव पहुंच गईं। विधायक को देख धरने पर बैठे लोग भड़क गए। लोगों ने विधायक के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी।
अधिकारियों ने विधायक को वापस लौटा दिया। पुलिस अधिकारियों ने पत्नी की मांग को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने और फरार दो नामजद बदमाशों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इटौवा घाट पर बेटे के शव को पिता सतई ने मुखाग्नि दी। इस दौरान माहौल बहुत ही गमगीन रहा।
दो आरोपियों की तलाश में दबिश
व्यापारी दिनेश गुप्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद चार आरोपियों में गणेश और मुन्ना को रविवार की देर रात ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि फरार मुख्य आरोपी मनीष यादव और संदीप यादव की तलाश में सोमवार को दबिश दी गई। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। एसओ ने बताया कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।