फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   सपा-बसपा का साथ सांप-छछूंदर जैसा : योगी

सपा-बसपा का साथ सांप-छछूंदर जैसा : योगी

Mon, 05 Mar 2018 08:45 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर। Updated Mon, 05 Mar 2018 08:45 PM IST
विज्ञापन
सपा-बसपा का साथ सांप-छछूंदर जैसा : योगी
जनसभा को संबोधित करने पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ। - फोटो : Amar Ujala
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बसपा और सपा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि उपचुनाव के लिहाज से ये गठबंधन सांप-छछूंदर जैसा है। बरसात होती है तो सांप-छछूंदर एक जगह सिमट जाते हैं। बरसात खत्म होते ही दुश्मनी शुरू हो जाती है। यही हाल यूपी के दोनों राजनीतिक दलों का है। यह जनता बखूबी जानती है। सपा-बसपा के बीच की सारी डील आपसी भलाई के लिए है। इससे जनता का कोई फायदा नहीं होने वाला।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी उपेंद्र दत्त शुक्ला के लिए वोट मांगा और संसदीय सीट से संबंधित पांच विधानसभा क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छह जनसभाएं कीं। मुख्यमंत्री के निशाने पर ज्यादातर सपा और बसपा ही रही।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव के लिहाज से ये गठबंधन पाक नहीं है। इन पार्टियों ने युवा और किसानों के हक पर डाका डाला है। यूपी को लूटा है। जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी। जातिगत राजनीति करने वाले इन दलों ने समाज का भला नहीं किया है। सभी परिवार तक सिमटे हैं। गठबंधन भी परिवार के लिए किया गया है। यूपी की जनता ने जातिगत राजनीति को तिलांजलि दे दी है। अब विकास, सुशासन सुनिश्चित करने वाली पार्र्टी को वोट मिलता है। इस सांचे में भाजपा ही फिट बैठती है। गोरखपुर और फूलपुर उपचुनाव में भाजपा को बड़े अंतर से जीत मिलने वाली है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने 11 महीने के कार्यकाल में सुशासन देने का काम किया है। कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने, भ्रष्टाचार से निपटने के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। बेहतर कानून व्यवस्था से ही निवेश की राह आसान हुई है। देश के बड़े उद्यमियों ने चार लाख 77 हजार करोड़ रुपये के निवेश का समझौता किया है। इस पर काम चल रहा है। निवेश होते ही रोजगार का संकट खत्म हो जाएगा। पूर्वांचल सहित यूपी के सभी जिलों के लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्हें दूसरे राज्य या फिर शहर जाकर नौकरी नहीं मांगनी पड़ेगी।

उपेंद्र नहीं, मैं लड़ रहा चुनाव : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को तूफानी चुनावी दौरा किया। छह घंटे में वह गोरखपुर संसदीय सीट से संबंधित पांच विधानसभा क्षेत्रों में गए और छह जनसभाएं कीं। राप्ती नगर की जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा उपचुनाव उपेंद्र दत्त शुक्ला नहीं बल्कि मैं लड़ रहा हूं। गोरखपुर की जनता ने पांच बार सांसद बनाया है। यही स्नेह आगे भी मिलता रहे। भले ही प्रत्याशी उपेंद्र हैं लेकिन वह हमारे प्रतिनिधि के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देर शाम गोरखपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के अंधियारीबाग और राप्तीनगर में जनसभा मेें सपा और बसपा पर हमला बोला और कहा कि चोर-चोर मौसेरे भाई अब एक हो गए हैं लेकिन इसका फायदा नहीं मिलेगा। यूपी की जनता जाति, धर्म से ऊपर उठ चुकी है। वह विकास, सुशासन देने वाली पार्टी को वोट देती है। यही उपचुनाव में देखने को मिलेगा। उपेंद्र का जुड़ाव 1994 से गोरखनाथ मंदिर से है। जब उपचुनाव में प्रत्याशी चयन की बात आई तो पहली प्राथमिकता हमने उपेंद्र को दी। वह भाजपा के अनुशासित कार्यकर्ता भी हैं।

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर विधानसभा क्षेत्र के सेवई में भी जनसभा की और कहा कि जातिगत राजनीति को करारी हार मिलेगी। गोरखपुर, फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा को बड़े अंतर से जीत मिलेगी। शहरी क्षेत्र में 24 घंटे बिजली दी जा रही है। नगर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल ने कहा कि गोरखपुर की जनता समझदार है। वह सपा-बसपा के गठबंधन को नकार देगी। इस मौके पर सांसद जगदंबिका पाल, मेयर सीताराम जायसवाल, विधायक विपिन सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महामंत्री संगठन शिव कुमार पाठक, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, विश्व जिताशु सिंह आदि मौजूद रहे। 
   
सरकार गांव, गरीब और किसानों की
सहजनवां विधानसभा क्षेत्र के घघसरा में मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव, गरीब और किसान की सरकार विकास की राह पर है। सड़कों को चार, छह और आठ लेन का बनाया जा रहा है। गोरखपुर में खाद कारखाना, चीनी मिल खुलने से युवाओं को रोजगार मिलेगा। एम्स की ओपीडी जल्द चलने लगेगी। मंत्री जयप्रकाश निषाद, विधायक शीतल पांडेय, श्रीराम चौहान और अमनमणि त्रिपाठी ने भी जनसभा को संबोधित किया।
 
हर व्यक्ति की सुरक्षा को सरकार प्रतिबद्ध
कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र के डोहरिया गांव में मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी के हर व्यक्ति की सुरक्षा और विकास को राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। जब बाढ़ आई थी, तब उन्होंने खुद स्टीमर से पीड़ितों तक पहुंचने की कोशिश की थी। हरसंभव मदद मुहैया कराई। ऐसा पहली बार हुआ। मुख्यमंत्री ने विधायक फतेह बहादुर सिंह की तारीफ की और कहा कि वह विकास का प्रस्ताव देते रहते हैं। कैंपियरगंज को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का तोहफा दिया गया है। 

बिना भेदभाव युवाओं को दे रहे नौकरी
पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के जीतपुर बाजार में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार बिना भेदभाव के युवाओं को नौकरी दे रही है। इससे पहले सपा सरकार थी। तब एक जिले और एक गांव के लोगों को नौकरी मिलती थी। अब मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब बेटियों की शादी कराई जा रही है। 15 मार्च से 5500 गेहूं क्रय केंद्र खोले जा रहे हैं। विधायक महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि भाजपा को जनता का आशीर्वाद जरूर मिलेगा।


नगर पंचायत अध्यक्ष ने ली भाजपा की सदस्यता
पीपीगंज के नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा जायसवाल ने सोमवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। वह डोहरिया में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा में भी पहुंचे। विधायक फतेह बहादुर सिंह ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। नगर पंचायत अध्यक्ष ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीता था। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी रहे रमाशंकर मद्धेशिया को हराया था। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed