मुहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के यूसुफपुर रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर रविवार को पिकअप के टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। घटना स्थल से कुछ दूरी पर चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
मऊ जनपद के चिरैयाकोट थाना के बड़हलगंज निवासी गुड्डू उर्फ शमशेर (30) मुहम्मदाबाद कोतवाली के अदिलाबाद स्थित अपने खाला के घर आया हुआ था। सुबह 10 बजे वह अपनी खाला की पुत्र राजा के साथ टोटो से यूसुफपुर रेलवे स्टेशन की तरफ से अदिलाबाद की तरफ जा रहा था। टोटो राजा चला रहा था। जैसे ही टोटो कोतवाली गेट के पास पहुंचा। उसमें बैठा शमशेर ने अपना सिर बाहर निकाला ही था कि सामने से आ रही पिकअप से उसका सिर टकरा गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। आवाज सुनकर कोतवाल अशोक कुमार मिश्रा सहित भारी संख्या में लोग घटना स्थल के तरफ दौड़ पड़े। कोतवाल ने गंभीर रूप से घायल शमशेर को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इधर चालक नवापुरा-सलेमपुर बाईपास रोड पर पिकअप खड़ाकर भग गया। पुलिस पिकअप को कोतवाली ले आई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। कोतवाल अशोक मिश्रा ने बताया कि पिकअप को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।