गाजीपुर। जनपद में एक नवंबर से यातायात माह शुरू होने के बाद से यातायात विभाग लगातार कार्रवाई करने के दावा कर रहा है। जमीनी हकीकत अलग है। शहर के तमाम इलाकों के चौराहे व तिराहों से बाइक पर बिना हेलमेट तीन सवार, आवश्यकता से ज्यादा छात्र व छात्राओं से भरे ऑटो व ई-रिक्शा के साथ ही ई-रिक्शा व अन्य यात्री वाहनों से सामान लादकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। इन राहगीरों के बेतरतीब ढंग से वाहन चलाने और दूसरे लेन में जाने से शहर में कई स्थानों पर जाम की समस्या आम हो गयी है।यातायात विभाग द्वारा मिले आंकड़ों के अनुसार यातायात माह शुरू होने के बाद से 11 नवंबर तक विभाग द्वारा यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर 5,975 वाहनों चालान किया गया है। इसमें बिना हेलमेट-4188, बिना लाइसेंस 624, बाइक पर तीन सवारी 600, बिना सीट बेल्ट 195, प्रदूषण 116, बीमा 82, रांग साइड 56, मोबाइल फोन 64, काली फिल्म के वाहन 22 शामिल हैं। इस कार्रवाई में विभाग द्वारा 1,25,000 रुपये की राशि वसूल की गयी है। इसके बावजूद शहर के करीब सभी प्रमुख चौराहों व तिराहों से बड़ी संख्या में युवाओं के युवतियां भी बिना हेलमेट और बाइक पर ट्रिपलिंग करते नजर आ रहे हैं। वहीं स्कूलों की छुट्टी के बाद ऑटो व ई-रिक्शा में आवश्यकता से अधिक बैठकर जाते छात्र व छात्राओं के साथ किसी हादसे की संभावना बनी रहती है। शहर में खुलेआम ई-रिक्शा चालक से स्कूटी व अन्य भारी सामान लादकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। यातायातकर्मियों से विहिन शहर का वेंडिंग जोन तिराहे से ददरीघाट को जाने के लिए लोग बेतरतीब ढंग से अपने वाहनों को दूसरी लेन की तरफ मोड़ देते हैं। तिराहे के पास आदर्श इंटर कॉलेज की छुट्टी के बाद इस मार्ग पर राहगीरों को बोझ बढ़ने के बाद बेतरतीब ढंग से मोड़ गये इन वाहनों के चलते रोजाना ही यहां जाम की स्थिति बनी रहती है।
यातायात माह के दौरान ऐसे वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अबतक विभिन्न स्कूलों में जाकर करीब तीन हजार से अधिक छात्र व छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ ही 25 सौ से अधिक लोगों को यातायात नियमों का पंफलेट बांटा गया है।-मनीष त्रिपाठी, यातायात प्रभारी