मुहम्मदाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित जनपद आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 30 जुलाई को मंडी समिति यूसुफपुर में मुख्यमंत्री के आगमन की संभावना को देखते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर तैयारियां की जा रही है। उनका अधिकारिक कार्यक्रम अभी नहीं आया है। वहीं निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मंच स्थल, पार्किंग, जनसुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संभावित वीवीआईपी दौरे को देखते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुहम्मदाबाद में जनपद के विकास से संबंधित 692 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास कर सकते हैं। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश मिश्रा, एसडीएम ध्रुव कुमार शुक्ला, सीओ सुधाकर पांडेय आदि मौजूद रहे।