जखनिया। वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए पूरे देश में चल रहे टीकाकरण के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए ग्राम स्तर पर निगरानी समिति तक की स्थापना कर दी गई है। इसके बावजूद लोगों में जन जागरूकता का अभाव दिख रहा है। इसके चलते टीकाकरण में आमजन की सहभागिता नहीं हो पा रही है। यह बातें जखनिया क्षेत्र के टोडरपुर टीकाकरण करने पहुंचे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कही।
स्वास्थ्य पर्यवेक्षक मानवेंद्र पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को जखनिया ब्लाक अंतर्गत टोडरपुर ग्राम सभा में उनकी टीम द्वारा टीकाकरण कराया जाना सुनिश्चित था। समय पर स्वास्थ्य टीम ग्राम सभा पहुंची जहां ग्राम प्रधान के दरवाजे पर कैंप लगाया गया लेकिन लोगों में जन जागरूकता का बेहद अभाव दिखा। खास बात यह कि टीकाकरण के अवसर पर संबंधित ग्राम के ग्राम विकास अधिकारी, लेखपाल एवं ग्राम पंचायत में गठित निगरानी समिति का कोई सदस्य उपस्थित नहीं रहा। दिन भर लगे शिविर के बाद महज 10 लोगों का टीकाकरण संभव हो सका। इस दौरान एक वाकया ऐसा भी आया जब एक महिला टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन तक करवा चुकी थी तभी उसके पुत्र ने आकर टीकाकरण कराने से मना कर दिया। युवक अपनी मां को लेकर घर चला गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम में एएनएम प्रतिमा राय, ममता सिंह, मुरारजी, प्रमोद कुमार शामिल थे।