गाजीपुर। जिले में साप्ताहिक बंदी में भी नियम कानून दरकिनार कर दुकानों खोली गईं। नगर के विभिन्न इलाकों में बाजार खुले रहे और सामान की खरीदारी होती रही। उधर, ग्रामीण इलाकों में भी बंदी बेअसर रही। यही नहीं सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां भी खुलकर उड़ाई गईं। अधिकांश ने मास्क नहीं लगाया था जबकि दो गज की दूरी की अनदेखी की जाती रही। नगर के रौजा स्थित मुहम्मदाबाद एवं जमानिया बस स्टैंड के पास सुबह से आवागमन को लेकर यात्रियों की भीड़ लगी रही। यहीं नहीं सड़क के किनारे ठेला एवं रेहड़ी पर फलों, सब्जियों सहित अन्य सामानों की भी दुकान खोलकर सामान बेचे जाते रहे। इसके अलावा चाय-पान और अन्य सामान की दुकानों पर भी नियम दरकिनार कर लोग खरीदारी करते रहे। नगर के महुआबाग, मिश्र बाजार, लंका, सिटी रेलवे स्टेशन, लाल दरवाजा, गोराबाजार सहित अन्य बाजारों में चहल पहल रही। नियम का पालन कराने वाले पुलिसकर्मी भी लापरवाह बने रहे। ग्रामीण इलाकों में तो सुबह होते ही राशन सहित अन्य सामानों की बिक्री के लिए दुकानदारों ने दुकान खोल दिया। दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उडती रहीं। लोग न तो चेहरे पर मास्क लगाए थे और न ही दो गज की दूरी का पालन की करते नजर आए। ऐसे में एक बार फिर संक्रमण फैलाव का खतरा मंडराता दिख रहा है।