यूपी: घर में पत्थर फेंकने को लेकर दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, बुजुर्ग की मौत, 16 लोगों पर मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के वीरभानपुर गांव में बुधवार की देर शाम घर में ईंट-पत्थर फेंकने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक वृद्ध की मौत हो गई। जबकि, महिला सहित दो लोग घायल हो गए है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
साथ ही घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से वाराणसी रेफर कर दिया। मृतक के भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दूसरे पक्ष की ओर से भी आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
वीरभानपुर गांव निवासी मुसाफिर राम(69) के पट्टीदार अजय राम ने बताया कि घर में कई दिनों से पत्थर फेंके जा रहे थे। देर शाम खेत से वापस आते समय गांव का ही एक व्यक्ति बोरी में पत्थर लेकर जा रहा था। पूछने पर वह गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते उसके समर्थन में कई लोग लाठी-डंडा लेकर पहुंच गए और मारने-पीटने लगे।
घटना में विसर्जन राम, आशा देवी और मुसाफिर राम(69) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी गोड़ऊर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन घायल को अस्पताल लेकर जा रहे थे कि मुसाफिर राम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
वहीं घायल आशा देवी और विसर्जन राम को जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इस संबंध में मुहम्मदाबाद सीओ रविंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि मृतक के भतीजे जीउत राम ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दूसरे पक्ष के संजय राम की तहरीर पर भी आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।