मरदह। परिषदीय स्कूलों के निरीक्षण के लिए शासन की ओर से नामित नोडल अधिकारी वरिष्ठ विशेषज्ञ समग्र शिक्षा लखनऊ आनंद कुमार पांडेय का आगमन सोमवार को यहां हुआ। इस दौरान उन्होंने विभिन्न परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्था का हाल जाना। सबसे पहले वह कंपोजिट विद्यालय करदह कैथवली नौ बजकर पांच मिनट पर पहुंचे। उसके बाद कंपोजिट विद्यालय मरदह और इसके बाद साढ़े दस बजे कंपोजिट विद्यालय गांई पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक, कार्य पुस्तिका की आपूर्ति, सत्यापन और वितरण की समीक्षा किया। इसके अलावा मिड-डे मील, ऑपरेशन कायाकल्प, मिशन प्रेरणा के विषय में जानकारी ली। स्कूलों की व्यवस्था, भवन, छात्र संख्या, शिक्षक संख्या, प्रेरणा पोर्टल पर शिक्षकों की उपस्थिति, यूनिफार्म के पैसे अभिभावकों के बैंक खाते में गए कि नहीं इसकी जानकारी ली। बीआरसी पर उपलब्ध संसाधन किस दशा में हैं उसको भी देखा। मालूम हो कि अधिकारियों को अपने आवंटित जिलों में अलग-अलग ब्लॉक के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के न्यूनतम दस प्राइमरी एवं जूनियर स्कूलों का निरीक्षण करना है। इसके अलावा एक बीआरसी एवं एक कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण शामिल है। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. कल्पना मौजूद थीं।