गाजीपुर में रिश्तों का कत्ल: दीवार ऊंची करने के विवाद में भतीजों ने बुजुर्ग चाचा की पीट-पीटकर ली जान, बीचबचाव में आए छह घायल
गाजीपुर के रमगढ़वां गांव में सगे भतीजों ने बुजुर्ग चाचा को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले सभी आरोपी गांव से फरार हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के गाजीपुर जिले के गाजीपुर के रमगढ़वां गांव में सगे भतीजों ने बुजुर्ग चाचा को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। बीचबचाव करने आए छह लोग भी इस दौरान घायल हो गए। वारदात को गुरुवार सुबह तब अंजाम दिया गया जब खेत से पशुओं के लिए हरा चारा लेकर घर आ रहे थे। भूमि विवाद और पंपिंग सेट के कमरे की दीवार ऊंची करने के विवाद में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस के पहुंचने से पहले सभी आरोपी गांव से फरार हो गए। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। एसपी रामबदन सिंह और एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ हत्यारोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। मृतक खानपुर थाना क्षेत्र के रमगढ़वा गांव निवासी कथरू यादव (75) जूनियर हॉकी इंडिया टीम के हिस्सा रहे अजय यादव के दादा हैं। वर्तमान में अजय खेल कोटे से झांसी जनपद में रेलवे में टीसी हैं।
हमलावरों को बुजुर्ग पर नहीं आई तरस
कथरू यादव (75) सुबह करीब साढ़े सात बजे पशुओं के लिए हरा चारा लेकर खेत से घर लौट रहे थे। रास्ते में भतीजों ने कथरू यादव को घेर लिया और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। कथरू किसी तरह जान बचाने के लिए घर की तरफ भागने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर गिर गए। इसके बाद हमलावरों को बुजुर्ग पर तरस नहीं आई। लोहे के रॉड से सिर से हमला किया जिससे कथरू यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
इधर, अपने पपिंग सेट के कमरे की दीवार को बनवा रहे मृतक के पुत्र विरेंद्र, सुरेंद्र, पोता निखिलेश, पोतियां मोनी, अंशु और सुमन आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके ऊपर भी हमला कर दिया। चीखपुकार सुनकर ग्रामीण भी घटना स्थल के तरफ दौड़ पड़े। पकड़े जाने के डर से आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की जानकारी ली।
कुछ देर बाद एसपी रामबदन सिंह, एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी, सैदपुर सीओ बलराम भी घटना स्थल पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत करने के साथ छानबीन शुरू कर दी। मृतक के पुत्र वीरेंद्र यादव ने चार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने बताया कि आरोपियों को दबोचने के लिए टीम गठित कर दी गई है। नामजद दो आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
2016 से चल रहा है बंटवारे का मुकदमा
विरेंद्र यादव ने बताया कि वर्ष 2016 से उनके पिता कथरू यादव और बड़े पिता पथरू यादव के बीच घर के नजदीक वाले डेढ़ बीघे खेत के बंटवारे का मुकदमा सैदपुर के एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन है। वे अपने घर के सामने पंपिंग सेट के कमरे की दीवार ऊंची करा रहे थे। विरोधियों को यह बात नागवार लगी और इस कारण वारदात को अंजाम दिया गया।
हैदराबाद रहता है छोटा बेटा
मृतक कथरू यादव की पत्नी गुदना देवी लगभग तीन माह पूर्व अपने छोटे बेटे राजेंद्र यादव के साथ रहने हैदराबाद चली गई थी। पति की मौत की खबर सुनकर वह अपने बेटे के साथ चल दी है। मौके पर मृतक के दोनों पुत्रों विरेंद्र यादव और सुरेंद्र यादव और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।