जमानिया। हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरुण कुमार एवं डॉ. रविंद्र कुमार मिश्र के निर्देशन में स्वयंसेवकों के सहयोग से जमानिया नगरपालिका सभासदों एवं क्षेत्रीय ग्राम प्रधानों के माध्यम से स्वयं सेविकाओं की ओर से बनाए गए मास्क वितरित किए जा रहे हैं। वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री ने बताया कि सोशल डिस्टेंस का पालन हो इसलिए निर्णय लिया गया कि क्षेत्र में अधिक से अधिक मास्क वितरित किए जाएं लेकिन सरकार एवं स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन भी हो। इस मुद्दे पर सर्वसम्मति से यह तय हुआ कि अपने गोद लिए गांव मदनपुरा के प्रधान, नगरपालिका क्षेत्र में सभासदों एवं तहसील के अधिकारियों के सहयोग से मास्क वितरण हो। इसी क्रम में मदनपुरा में साबुन, मास्क, सैनिटाइजर वितरित करते हुए जागरूकता कार्यक्रम सोशल डिस्टेंस के साथ कराया गया। स्टेशन बाजार वार्ड नंबर-नौ के सभासद पंकज निगम, वार्ड नंबर-18 की सभासद प्रीति जायसवाल, वार्ड नंबर-17 के सभासद प्रमोद कुमार यादव आदि के माध्यम से तथा मान्यवर कांशीराम आवास योजना एवं डिग्री गांव में स्वयंसेवक सुनील कुमार चौरसिया के माध्यम से मास्क वितरित कराया गया। मास्क बनाने का काम हिंदू इंटर कॉलेज के ग्यारहवीं कक्षा के छात्र संदीप कुमार चौरसिया, शना परवीन, बुशरा परवीन, रूही खातून, पूजा चौधरी, शाजिया परवीन, नाजिया परवीन, वर्तिका सिंह की ओर से किया जा रहा है।