मुहम्मदाबाद। क्षेत्र पंचायत मुहम्मदाबाद की बैठक बृहस्पतिवार को क्षेत्र पंचायत के परिसर में हुई। इसमें मनरेगा योजनांतर्गत वर्ष 2020-21 के लिए ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत के लेबर बजट और कार्ययोजना स्वीकृत की गई। क्षेत्र पंचायत के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र में कार्य कराए जाने के संबंध में प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
ग्राम पंचायत टड़वा के ग्राम प्रधान कृपाशंकर राय ने कोटिया हाटा वाया हनुमानगंज संपर्क मार्ग का निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पूर्ति विभाग द्वारा कोटेदारों की मिलीभगत से मनमाने ढंग से किसी व्यक्ति का नाम राशन कार्ड से काटने और बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। कहा कि इसका आरोप प्रधान पर जाता है जबकि नाम काटने और बढ़ाने के लिए ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत अधिकारी की संस्तुति बीडीओ के माध्यम से जाती है। सुल्तानपुर के प्रधान प्रतिनिधि अविनाश प्रधान ने सुल्तानपुर गंगा तट पर बने श्मशान स्थल तक 500 मीटर सड़क को बनाने की मांग किया जिसका सभी सदस्यों ने समर्थन किया। अध्यक्षता करते हुए ब्लाक प्रमुख रामकृत सिंह यादव ने धरनारत पूर्व प्रमुख चंदा यादव से अपील किया कि बैठक में आकर अपना प्रस्ताव रखें। सभी प्रस्ताव को स्वीकृत कर काम कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकाल में कम धनराशि मिलने के बाद भी विकास कार्य काफी हुआ है। उन्होंने विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल द्वारा क्षेत्र पंचायत परिसर में कर्मचारी आवास एवं सभागार निर्माण के लिए 2.66 करोड़ रुपये दिए जाने के प्रति आभार जताया। बैठक में मनरेगा योजनांतर्गत वर्ष 2020-21 के लिए ग्राम पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत के लेबर बजट, कार्ययोजना, पेयजल एवं स्वच्छता, आवास योजना का प्रस्ताव सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार, ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह चंचल, एडीओ पंचायत गंगासागर कुशवाहा, एडीओ को-आपरेटिव विरेंद्र सिंह, विनय कुमार राय, अजय सिंह, रविकांत राय, जिला पंचायत सदस्य फेंकू सिंह यादव, अजय यादव, प्रेमशंकर तिवारी, प्यारेमोहन यादव, अंबिका यादव, शशिकांत शर्मा भुवंर, प्रभा यादव, सूर्यभान कुमार राय आदि उपस्थित थे। संचालन खंड विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह ने किया।