भीषण जाम में हांफते रहे राहगीर
गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग पर दुल्लहपुर बाजार स्थित है। इस बाजार का हाल यह है कि सुबह होते ही पटरियों के साथ सड़क तक दूकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर लिया जाता है। इसके साथ ही बाजार में आने वाले लोग चार पहिया वाहनों को सड़क पर खड़ा करने के साथ बाइकों को आड़े-तिरछा खड़ा कर देते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और जाम की समस्या पैदा हो जाती है।
आज सुबह करीब नौ बजे बाजार में देखते ही देखते भीषण जाम लग गया। आलम यह था कि वाहनों की कौन कहे, पैदल एक कदम भी बढ़ पाने में लोगों को सोचना पड़ रहा था। जाम में फंसे लोग आगे-पीछे निकलने को लेकर बहस से साथ ही किचकिच करते हुए मार्ग पर अतिक्रमण करने वालों को कोसते रहे। जाम में सेना का वाहन भी फंसा था।
उस पर सवार सेना के जवान उतरकर जाम छुड़ाने में जुटे रहे। शव का अंतिम संस्कार करने जा रहे लोग भी जाम में परेशान रहे। लोगों ने एसओ को फोन कर जाम से अवगत कराया। दो बाइकों पर सवार होकर चार पुलिस कर्मी पहुंचे, लेकिन अपनी बाइकों को जाम से निकालते हुए जलालाबाद की तरफ निकल गए।
दो घंटा बाद दिन में 11 बजे जाम समाप्त होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। दुल्लहपुर बाजार में अतिक्रमण के चलते आए दिन लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके पुलिस प्रशासन मार्ग पर दूकानें लगाने वालों की सुधि नहीं ले रही है, जिसका खामियाजा आवागमन करने वालों को भुगतना पड़ रहा है।