गाजीपुर। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में हनुमान जयंती शनिवार को धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर विभिन्न हनुमान मंदिरों में अष्टसिद्धि, नौ निधि के दाता का भव्य शृंगार कर पूजन-अर्चन किया गया। भजन एवं कीर्तन के आयोजन से चहुंओर भक्ति की धूम मची रही। इस दौरान भक्तों ने पवनपुत्र की पूजा कर बल, बुद्धि, विद्या की कामना की। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार नगर सहित ग्रामीण इलाकों में शनिवार को हनुमान जयंती के मौके पर लोगों ने मंदिरों में जाकर हनुमानजी का पूजन-अर्चन किया। इस मौके पर नगर स्थित नागा बाबा बाल हनुमान मंदिर, महरूपुर स्थित संकट मोचन मंदिर, मनोकामना देव संकट मोचन हनुमान मंदिर तिवारी टोला को काफी आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इस मौके पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा पाठ एवं सुंदरकांड पाठ के बाद राम भक्त हनुमान की आरती कर पूजन किया। भक्तों ने भोग चढ़ाने के बाद प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम में राहुल आनंद, अभिषेक तिवारी, लल्लन पांडेय, अजय कुमार पांडेय आदि शामिल रहे। मरदह संवाददाता के अनुसार विकासखंड मरदह स्थित बौरी गांव में महावीरजी के मंदिर पर हनुमान जयंती उल्लास के साथ मनाई गई। कोरोना के कारण ज्यादा भीड़ न करते हुए कुछ सीमित भक्तों की उपस्थिति में भव्य कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक और पुजारी अरुण जायसवाल ने हनुमान जयंती पर महावीरजी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला और कहा कि अपनी भक्ति से हनुमानजी ने प्रभु श्रीराम के हृदय में उनके सगे भ्राता लक्ष्मणजी के समान स्थान प्राप्त किया था। प्रभु श्रीराम ने उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर कहा था कि मेरे पास आने का रास्ता तुम्हारे हृदय से होकर आएगा अर्थात हनुमान को प्राप्त किए बिना श्रीराम की प्राप्ति असंभव है। कार्यक्रम में शिवकैलाश, विनय, प्रिंस, शिवम आदि ने भरपूर सहयोग किया।