सुहवल। थाना क्षेत्र बेमुआ गांव में बृहस्पतिवार की देर रात दो पक्षों में पुरानी रंजीश को लेकर लाठी-डंडे चले। जिसमें दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को रेवतीपुर सीएचसी भेजा। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, दोनों पक्षों की तहरीर पर 16 नामजद एवं दस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्जकर पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। पूर्व प्रधान भरत राजभर ने विपक्षी पर आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि एक युवती के साथ हुए छेड़छाड़ की शिकायत करने जब वह बस्ती में तारकेश्वर के घर पहुंचे तो वह शिकायत सुनने बजाए मारपीट पर अमदा हो गया। देखते ही देखते विपक्षी द्वारा लाठी-डंडे से हमला कर दिया गया। जबकि दूसरे पक्ष के मुकेश ने बताया एक पक्ष के लोग बेवजह जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने लगे। विरोध पर मारना-पीटना शुरू कर दिया। जिसमें एक पक्ष से पूर्व प्रधान भरत राजभर (58), हीरावती (44), पशुपति नाथ (45), लालकृष्ण (22), रीता कुमारी (20), संतोष (35) और दीपक (20) घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से तारकेश्वर राम (56), मुकेश कुमार (22), अतरवासी देवी (52) गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन शुरू कर दी गई है। गांव में शांति के लिए पुलिस गश्त कर रही है।