गाजीपुर में किसान की हत्या: बाइक सवार 3 हमलावरों ने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर ली जान, वारदात के बाद मौके से फरार
घटना नंदगंज थाना क्षेत्र के हाईवे रेवसा मोड़ पर हुई। किसान सब्जी लेकर मंडी जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उस पर हमला बोल दिया। पीट-पीटकर उसे लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन, रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के हाईवे रेवसा मोड़ के पास बाइक सवार तीन हमलावरों ने लाठी-डंडे से पीटकर किसान की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर हत्यारोपी फरार हो गए। जानकारी होने पर पुलिस और फॉरेसिंक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह है मामला
रेवसां गांव निवासी रामविलास कनौजिया (30) सब्जी लेकर बाइक से नंदगंज सब्जी मंडी जा रहा थे। वह रेवसा मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाए हमलावरों ने लाठी-डंडे से हमला कर किसान को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देकर बाइक सवार हत्यारोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में किसान की मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सरिता देवी, माता फूलझारी देवी सहित परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देकर शांत कराने में जुटे रहे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाइयों और चार बहनों में दूसरे नंबर पर था। बड़ा भाई कैलाश कन्नौजिया नासिक में रह कर काम करता है।
पुलिस संभावित ठिकानों पर दे रही दबिश
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पिता हीरा कन्नौजिया की तहरीर पर तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के सीसी कैमरे खंगाल रही है। साथ ही मौके पर खून से सनी लाठी बरामद की गई है।
थाना क्षेत्र के रेवसा मोड़ के पास हुई वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के घरों और दुकानों में लगे सीसी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुटी है, जिससे हत्यारोपियों और बाइकों को चिह्नित करने में सफलता मिल सके। साथ ही पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
तीन संदिग्धों से की पूछताछ
किसान की लाठी-डंडे से पीटकर हुई हत्या के मामले में पुलिस तीन संदिग्धों को उठाकर पूछताछ करने में जुटी हुई है। वहीं भुड़कुड़ा सीओ शेखर सेंगर भी हत्या की गुत्थी सुलझाने जुटे हैं। पुलिस ने जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया।