सुहवल। विद्युत विभाग की लापरवाही से विद्युत पोलों और तारों पर जंगली लताएं लिपटी पड़ी हैं। ऐसे में गांव के अलावा एक दर्जन से अधिक गांव में आपूर्ति के लगे ट्रांसफार्मर, विद्युत तार और पोल दुर्घटना का सबब बने हैं। शिकायत के बाद भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। आए दिन लो वोल्टेज, तार टूटने, विद्युत पोलों पर शार्ट सर्किट से निकलने वाली चिंगारियों से होने वाले हादसे आम हो चुके हैं। स्थानीय गांव के पश्चिम तरफ लगे 250 केवीए का ट्रांसफार्मर जंगली लताओं से चारों तरफ घिरा हुआ है। यहीं नहीं ताड़ीघाट- बारा हाईवे किनारे साईंतबांध, मिर्जापुर गांव स्थित नहर किनारे, डेढगावां, अधियारां, ढढनी आदि जगहों पर हाईटेंशन और एलटी विद्युत पोल और तार पर जंगली लताएं चारों तरफ से फैली हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव और सड़कों के किनारे का शायद ही कोई हिस्सा ऐसा बचा हो जहां पेड़ों से होकर लाइन न जा रही हो। वर्षा के कारण पेड़ों पर हरियाली छाई है, जो विभिन्न हाईटेंशन तार, पोल और ट्रांसफार्मर से होकर गुजरती है। ऐसी स्थिति में ट्रांसफार्मर और तारों से चिंगारियां उठती हैं। कभी-कभी शार्ट सर्किट से यह ट्रांसफार्मर धधक उठते हैं।
इसकी कोई जानकारी नहीं थी। जल्द ही कर्मचारियों से टहनियों की छटाई और जंगली लताओं को साफ कराने का काम किया जाएगा। -विजय यादव, उपखंड अधिकारी विद्युत वितरण खंड जमानिया चतुर्थ