मनिहारी। वाराणसी-गाजीपुर मार्ग के अंतर्गत रसूलपुर (बेलवा) टी शेखपुर क्राॅसिंग पर आए दिन हो रही दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए स्पीड ब्रेकर, ओवरब्रिज-अंडर पास बनाने के लिए पीजी कॉलेज के पूर्व महामंत्री दिनेश सिंह यादव के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोगों ने शुक्रवार को प्रशासन एवं संबंधित विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सपा के नगर अध्यक्ष दिनेश सिंह यादव ने कहा कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-31 पर दिन भर बड़े वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं। इससे स्थानीय राहगीरों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों को सड़क पार करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अब तक यहां कई घटनाएं एवं जनहानि हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि बीते 6 जुलाई को सड़क दुघर्टना में यहां एक साथ चार मौतें हो गईं थीं। इस घटना के तीन दिन बाद कोन्हवा रूहीपुर के निवासी सचिन कुमार भी दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण वाराणसी स्थित अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। अब तक इस क्राॅसिंग के पास दर्जनों दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। संबंधित अधिकारियों द्वारा रसूलपूर बेलवा क्राॅसिंग पर ब्रेकर और नेरो का कार्य तथा रंबल स्ट्रिप लगाने का कार्य प्रारंभ कर बीच में ही छोड़ दिया गया जो यहां दुर्घटना का कारण बना हुआ है। खांवपुर के पास इस मार्ग की स्ट्रीट लाइटें भी बंद पड़ी हैं जिससे रात में आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि इस सत्याग्रह के माध्यम से हम लोग संबंधित अधिकारियों से कहना चाहते हैं कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराएं। इस अवसर पर रमेश, बबलू, जयराम, मनोज, विकास, मनीष, रामाशीष, पंकज, सत्यम, रविंद्र, अभिषेक, शिवशंकर, मनीष, मुलायम कुमार, धनंजय, संतलाल, गोविंद पाल, कमलेश कुशवाहा आदि मौजूद थे।