दिनदहाड़े मैनेजर की हत्या कर 28 लाख की लूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सदर कोतवाली क्षेत्र के सकलेनाबाद स्थित यूको बैंक के मुख्यद्वार परसोमवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे बाइक से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने शराब कारोबारी के मैनेजर मनोज सिंह (45) की गोली मारकर हत्या कर दी और 28 लाख रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। देर शाम सदर कोतवाली में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतक प्रमासपा नेता एवं जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन अरुण सिंह के चचेरे भाई थे। विशेश्वरगंज पुलिस चौकी से सटे शहर के अतिव्यस्तम इलाके सकलेनाबाद में दिनदहाड़े हत्या और लूट की इस वारदात से सनसनी फैल गई है।
करंडा थाना क्षेत्र के नारी पचदेवरा गांव निवासी मनोज सिंह पिछले दस वर्षों से शहर के विशेश्वरगंज पुलिस चौकी के पास पहाड़ खां पोखरा स्थित एक शराब कंपनी के कार्यालय में बतौर मैनेजर थे। सोमवार की दोपहर करीब साढ़े 11 बजे वह अपने तीन सहकर्मियों रविंद्र सिंह, अशोक और चालक रामकृत के साथ जीप से सकलेनाबाद स्थित यूको बैंक में 28 लाख रुपये जमा करने पहुंचे। चालक रामकृत ने जीप को बैंक के पास खड़ा किया।
रुपयों का बैग लेकर मनोज सिंह जीप और सहकर्मी रविंद्र ने बैंक की पहली सीढ़ी पर पांव ही रखा कि बैंक गेट के पास चबूतरे पर पहले से ही घात लगाकर खड़े तीन नकाबपोश बदमाशों गोली चला दी। गोली मैनेजर के पेट और पीठ में लगी और बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग लूट लिया। यह देख सहकर्मी रवींद्र सिंह ने फायरिंग करने वाले बदमाश को पकड़ने की कोशिश की लेकिन बदमाश ने गोली चला दी। गोली बैंक गेट के शीशे पर जा लगी। जान बचाने के लिए सहकर्मी बैंक के अंदर भाग गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार होकर असलहा लहराते हुए महुआबाग की ओर भाग निकले। घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई।
गंभीर रूप से घायल मैनेजर को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वाराणसी पहुंचने पर मलदहिया स्थित एक प्राइवेट अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर घटना की सूचना पर एसपी डा. उमेशचंद्र श्रीवास्तव सहित पुलिस के आलाधिकारी जिला अस्पताल के बाद सीधे बैंक पहुंचे और छानबीन कर घटना की जानकारी ली। एसपी का कहना था कि हत्या और लूट की इस वारदात को चुनौती के रूप में लिया जा रहा है। लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम के साथ क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है। साथ ही एसटीएफ वाराणसी से भी मदद ली जाएगी। घटना में पुलिस की लापरवाही उजागर हुई तो संबंधित पुलिसकर्मी-अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।