गाजीपुर। रोशनी के पर्व दीपावली पर खुशियां मनाने और आतिशबाजी करने में इस साल करोड़ों के पटाखे जलाए जाएंगे। इसे लेकर शनिवार को शहर के लंका स्थित रामलीला मैदान में 42 दुकानें लगाई गई हैं। इसी प्रकार जिले के अन्य तहसीलों तथा कस्बों में लगाई गई सैकड़ों दुकानों पर जमकर खरीददार उमड़ें। दुकान पर बच्चों के साथ खरीददारी के लिए सुबह से शाम तक लोग पहुंचते रहे। किशोर और युवा वर्ग के लोगों ने बम, एटम बम, 30 और 60 आवाज समेत छोटी-बड़ी लड़ियों वाले पटाखों की खरीद की तो बच्चों ने भी बीड़ी बम, फूलझड़ी, राकेट, अनार आदि पर जोर दिया। जोरदार आवाज वाले पटाखों की अपेक्षा कम आवाज वाले बमों को लोगों ने पसंद किया। इस बार पटाखा बाजार में तेजी आई है। कलर वाली फुलझड़ी, छोटी-बड़ी चरखी, घिरनी, चटाई आदि की कीमत में 10 से 20 प्रतिशत तक तेजी आई है। चटाई 20 रुपये तो चर्खी पांच से 10 रुपये में बिक रही है। अलग-अलग साइज के अनारों की कीमत 10 से 30 रुपये तक है। 60 से 80 रुपये तक में देर तक चलने वाले और अधिक ऊंचाई तक जाने वाला अनार उपलब्ध है। छोटे-बड़े राकेट भी 12 रुपये से लेकर 30 रुपये तक है। चाइनिज लहसुन 30 रुपये में बच्चों को लुभा रही है। फूलझड़ी 10 रुपये से 40 रुपये पैकेट तथा कलर वाली फुलझड़ी 40 से 60 रुपये प्रति पैकेट तक बिक रहा है। बम, एटम बम, सुतली बम, बिजली बम, 30 और 60 अवाजा, आदि पटाखे भी अलग-अलग कीमतों पर उपलब्ध है। आकाश में उड़ने वाला पैराशूट पटाखा भी 30 से 40 रुपये में बेचे जा रहे हैं। चिटपुटिया भी इस बार 50 रुपये तक बिक रही है। इसी प्रकार बच्चों के लिए छोटे बड़े साइज के बंदूक भी कम तथा तेज आवाज वाले पटाखों के साथ उपलब्ध है। इसमें अलग-अलग कीमत वाली गोलियों की लोड करना पड़ता है। पटाखा व्यवसायी शहजादे ने बताया कि इस बार पटाखों के दाम में तेजी आई है। ग्राहकों के उत्साह दिखाने से धंधे में कुछ दम दिख रहा है लेकिन हर बार की तरह इस बार मुनाफा नहीं होगा। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगाए गए पटाखों की दुकानों पर भीड़भाड़ देखी गई। मुहम्मदाबाद, कासिमाबाद, दुबिहां, जखनियां, नंदगंज, बाराचवर, भांवरकोल, रेवतीपुर, जमानिया, सेवराई, सैदपुर, शादियाबाद, बहरियाबाद, सादात आदि बाजारों में भी पटाखें की दुकानों पर चहल-पहल बनी रही।