गाजीपुरः लूट में असफल होने पर बाइक सवार बदमाशों ने सैलून संचालक को मारा चाकू, ग्रामीणों ने हमलावरों को पीटा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को अपने कब्जे में लिया। इधर, वारदात की सूचना मिलते ही पहुंचे परिजनों ने घायल सैलून संचालक को उपचार के सीएचसी सैदपुर पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया।
विस्तार
गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के लौलहां-तराये मार्ग पर दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने सैलून जा रहे नाई से दिनदहाड़े मोबाइल और पैसे लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर पेट में ताबड़तोड़ चाकू से वार करना शुरू कर दिया। लहूलुहान नाई के शोर मचाने पर भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने धर दबोचा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
चारों बदमाशों की जमकर धुनाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को अपने कब्जे में लिया। इधर, वारदात की सूचना मिलते ही पहुंचे परिजनों ने घायल सैलून संचालक को उपचार के सीएचसी सैदपुर पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। चारों हमलावरों को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है।
लौलहां गांव निवासी जहीर खान (22) तराये में सैलून का संचालन करता है। प्रतिदिन की तरह वह शुक्रवार सुबह सैलून पर जा रहा था। लौलहां- तराये मार्ग स्थित ताल पर पहले से घात लगाए दो बाइक पर सवार चार बदमाश पैसा और मोबाइल लूटने लगे। नाई के विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया।
लहूलुहान होकर नाई सड़क पर गिर गया और शोर मचाने लगा। आसपास खेतों में काम करने वाले ग्रामीण ने बाइक सवार बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने घेरकर बदमाशों को पकड़ लिया। जमकर धुनाई करने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर थाने लेकर आई और पूछताछ में जुट गई। इस संबंध सीओ बलराम ने बताया कि बदमाशों से पूछताछ चल रही है।