बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से ब्लाक के अंतर्गत जिन दस जर्जर विद्यालयों की नीलामी एवं उसके ध्वस्तीकरण की सूची बनाई गई थी। उसमें से महज प्राथमिक विद्यालय युवराजपुर प्रथम एवं प्राथमिक विद्यालय कल्यानपुर की ही नीलामी की प्रक्रिया पूरी की जा सकी है। शेष पांच विद्यालयों की यह प्रक्रिया न्यूनतम धनराशि की बोली न लगने के कारण अग्रिम आदेश तक निरस्त कर दी गई है। यही नहीं तीन अन्य चिह्नित विद्यालयों की नीलामी की प्रक्रिया को अभी पूरा किया जाना है।
मालूम हो कि शासन की ओर से बेसिक शिक्षा विभाग के खस्ताहाल परिषदीय विद्यालयों के भवनों को चिह्नित कर उनकी नीलामी एवं उन्हें ध्वस्त करने का निर्देश दिया गया है। ब्लाक अंतर्गत कुल 104 परिषदीय विद्यालय है जिनमें 23 कंपोजिट, 18 उच्च प्राथमिक तथा 63 प्राथमिक विद्यालय हैं। ब्लाक के अंतर्गत कुल दस जर्जर विद्यालय चिह्नित किए गए हैं। शिक्षा विभाग के अनुसार नीलाम होने वाले प्रत्येक विद्यालय की न्यूनतम बोली चालीस हजार से लेकर 68 हजार रखी गई है। इसमें सबसे अधिक बोली लगाने वाले को उसका हिस्सा मान उच्च बोली लगाने वाले को स्वीकार किया जाएगा। खस्ताहाल चिह्नित दस विद्यालयों में से अब तक महज प्राथमिक विद्यालय युवराजपुर प्रथम की अधिकतम बोली ढाई लाख लगाई गई, जबकि प्राथमिक विद्यालय कल्यानपुर की बोली 45 हजार पांच सौ लगाई गई। प्राथमिक विद्यालय कालूपुर, प्राथमिक विद्यालय रमवल, प्राथमिक विद्यालय नवली तृतीय, प्राथमिक विद्यालय युवराजपुर द्वितीय तथा प्राथमिक विद्यालय अड़रिया की नीलामी की न्यूनतम धनराशि की बोली न लगने के कारण यह प्रक्रिया अग्रिम आदेश तक निरस्त कर दी गई। शेष तीन अन्य चिह्नित विद्यालयों की नीलामी की प्रक्रिया को विभाग की ओर से जल्द पूरा करने का दावा किया गया है। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष छविनाथ सिंह, प्रधान आशा यादव, गौतम सिंह यादव, सत्यप्रकाश श्रीवास्तव, सुरेश श्रीवास्तव, प्रधानाध्यापिका मनोरमा देवी, सुखराम, राजबलि, सुनील कुमार आदि मौजूद थे। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी रेवतीपुर अशोक कुमार ने बताया कि खस्ताहाल हो चुके विद्यालय की नीलामी एवं ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया को बहुत जल्द पूरा कर लिया जाएगा।