अनिल राजभर ने ओपी राजभर पर साधा निशाना, कहा-भारत माता की जय न बोलने वालों से भाजपा नहीं करेगी समझौता
महाराजा सुहेलदेव तथा राजभर हितों के साथ खिलवाड़ करने वालों, उनके सम्मान से समझौता करने, भारत माता की जय न बोलने वालों से पार्टी कभी कोई समझौता नहीं करने वाली है। भारत माता की जय एवं वंदेमातरम बोलने में गुरेज न रखने वाले राष्ट्रवादी मुसलमानों का हम अभिनंदन करते हैं। असदुद्दीन ओवैसी और ओमप्रकाश राजभर पर मंगलवार को गाजीपुर में लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने निशाना साधा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराजा सुहेलदेव के जन्मदिन 16 फरवरी को सम्मान के साथ मनाने का निर्णय लिया है। उस दिन प्रदेश भर में महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमाओं के समक्ष बैंड बाजे के साथ श्रद्धांजलि दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव की जन्मस्थली बहराइच के चित्तौड़ में भव्य स्मारक तथा संग्रहालय स्थापित किया जा रहा है। इसका प्रधानमंत्री वर्चुअल रूप से तथा मुख्यमंत्री वहां उपस्थित रहकर शिलान्यास करेंगे। इस दौरान भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष राजेश राजभर, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मुराहू राजभर, अवधेश राजभर एवं जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा उपस्थित थे।
पीएम मोदी बनवाएंगे महाराज सुहेलदेव का स्मारक
आजमगढ़ में भाजपा कार्यालय में उन्होंने कहा कि बहराइच के चित्तौड़गढ़ मैदान में महाराज सुहेलदेव ने गाजी सैयद सालार मसूद को हराया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मैदान में उनका स्मारक बनवाएंगे। इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इस पर 80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
16 फरवरी को सुहेलदेव की जयंती पर प्रधानमंत्री इसका ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में हर जिले से राजभर समाज के एक हजार लोग पहुंचेंगे। कहा कि 2019 में गाजीपुर जिले में प्रधानमंत्री ने महाराज सुहेलदेव पर डाक टिकट जारी कर समाज का सम्मान बढ़ाया है। प्रदेश में जहां-जहां सुहेलदेव की प्रतिमा है, जयंती पर वहां पुलिसकर्मी बैंड बजाएंगे।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव पार्टी पूरी ताकत से लड़ेगी। असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश विरोधी राजनीति करने वाले भाजपा का कुछ नहीं बिगाड़ सकते। किसान आंदोलन पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करते-करते कुछ लोग कब देश का विरोध करने लगते हैं, उन्हें पता ही नहीं चलता। विदेश में रहने वाली रेहाना ट्वीट कर रही हैं, जिन्हें न तो किसानी और न खेत के बारे में जानकारी है।