गाजीपुर। शहर और दिलदारनगर में बनाए गए छह हाट स्पाट एरिया तथा रेड जोन को जहां सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। वहीं इस क्षेत्र में आने वाले नागरिकों के सर्वेक्षण का काम भी अंतिम चरण में आ गया है। संदिग्ध लोगों की स्क्रीनिंग और सैंपलिंग का काम भी किया जा रहा है। हर ओर चौकसी बढ़ा दी गई है। सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
शहर के महुआबाग, नखास चौराहा, मछलीबाजार, टाउनहाल, बरबरहना आदि इलाके तथा दिलदारनगर के मरकजी मस्जिद, चिउटहां आदि इलाके पूरी तरह सील हैं। लोग घरों में ही कैद हैं तथा जरूरी सामानों को फोन से मंगा रहे हैं। दिलदारनगर संवाददाता के अनुसार, पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहा। प्रभारी दिलीप सिंह ने शुक्रवार को मरकजी मस्जिद, जमा मस्जिद तथा मदीना मस्जिद, अरंगी गांव के मरकज मस्जिद के एरिया का गहराई से निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश भी दिया गया। कहा कि लोग घरों में ही बने रहे , इसके लिए हर जरूरी कदम उठाया जाए। इस इलाकों में भी घरों में सर्वेक्षण का काम पूरा कर लिया गया है। कुछ समाजसेवी संस्थाएं क्षेत्र में गरीबों की मदद कर रही हैं। एसीएमओ डा. डीपी सिन्हा ने बताया कि सर्वेक्षण में सर्दी, खांसी, बुखार आदि से पीड़ित लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। पूरे हाटस्पाट इलाके पर नजर रखी जा रही है।