फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ayodhya News ›   The rain exposed the arrangements, it is difficult to get out in the city

Ayodhya News: बारिश ने खोली इंतजामों की पोल, शहर में निकलना दूभर

Fri, 30 Jun 2023 11:52 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या Updated Fri, 30 Jun 2023 11:52 PM IST
विज्ञापन
The rain exposed the arrangements, it is difficult to get out in the city
श्रीरामअस्पताल बैरियर के सामने गड्ढे में फंसा टैंकर। -संवाद
-हादसे के डर से श्रीराम अस्पताल से नयाघाट तक का मार्ग किया ब्लॉक
विज्ञापन

कीचड़ में तब्दील हुईं सड़कें, रामपथ, भक्ति पथ व श्रीरामजन्मभूमि पथ की हालत खराब, पैदल चलना भी मुश्किल दंतधावनकुंड से नयाघाट तक के रास्ते को बंद कर तैैनात किए गए यातायातकर्मी व निजी गार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
अयोध्या। मूसलधार बारिश ने एक ओर जहां किसानों के चेहरे खिल उठे। वहीं तेज बारिश से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों की सूरत बिगड़ गई है। सबसे बुरा हाल रामनगरी का है। यहां रामपथ, भक्ति पथ, श्रीरामजन्मभूमि पथ समेत गलियों-मोहल्लों की हालत बिगड़ गई है। जगह-जगह कीचड़ व जलभराव के चलते कहां गड्ढे हैं, कहां सड़क, कुछ पता ही नहीं चल रहा है। रामपथ पर शुक्रवार को जगह-जगह वाहन कीचड़ व गड्ढों में धंस गए, जेसीबी दिन भर इन वाहनों को निकालती रही। वहीं, हादसों के डर से श्रीराम अस्पताल से नयाघाट तक के करीब तीन किमी. के रास्ते को ब्लॉक कर इस पर आवागमन रोक दिया गया।
विज्ञापन

जिले में बृहस्पतिवार रात से जारी बारिश शुक्रवार को भी दिनभर कभी तेज तो कभी रिमझिम होती रही। मानसून की पहली बारिश ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों का हाल बुुरा कर दिया। सहादतगंज से नयाघाट तक के करीब 13 किमी. पर निर्माणाधीन रामपथ की दुर्दशा हो गई। पूरा मार्ग कीचड़ में बदल गया, लोग जान पर खेलकर इस मार्ग से गुजरते रहे। वहीं, हादसों के भय से बृहस्पतिवार शाम ही दंतधावनकुंड से नयाघाट तक के रास्ते को बंद कर यहां यातायातकर्मियों व निजी गार्ड की तैैनाती कर दी गई। इस मार्ग पर दो पहिया वाहनों के आवागमन पर भी रोक लगा दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

वहीं, शुक्रवार सुबह श्रीराम अस्पताल से बिड़ला धर्मशाला के बीच कई वाहन कीचड़ में धंस गए। यह देख आननफानन श्रीराम अस्पताल के सामने बैरियर लगाकर यहां से वाहनों समेत पैदल आवागमन भी रोक दिया गया।
बिड़ला धर्मशाला से श्रीरामजन्मभूमि पथ, शृंगारहाट बैरियर से भक्ति पथ, दंतधावनकुंड से हनुमानगढ़ी चौराहा, पेट्रोल पंप, कोतवाली, पोस्ट ऑफिस तिराहा, छोटी देवकाली मोड़, तुलसी उद्यान समेत टेढ़ी बाजार, साकेत महाविद्यालय, बह्म बाबा का स्थान, आईटीआई के सामने, साहबगंज, ख्वासपुरा, गुदरी बाजार, नियावा, रिकबगंज हनुमानगढ़ी, सिविल लाइन, रोडवेज, कचहरी, सहादतगंज आदि इलाकों में मुख्य मार्ग पर चारों ओर कीचड़ हो गया। कहां गड्ढे हैं, कहां सड़क कुछ पता नहीं। कीचड़ में तब्दील सड़क से यदि कोई वाहन से निकलना चाह रहा था तो वह उसमें फंस जा रहा था। सड़क की दुर्दशा देखकर प्रशासन भी अपने आपको असहाय महसूस कर रहा था। लगातार पानी के चलते कुछ सुरक्षाकर्मी रेनकोट पहनकर तो कुछ भीगते हुए ड्यूटी करते नजर आए।


दिनभर जेसीबी निकालती रही गड्ढों में धंसे वाहन
अयोध्या। भारी बारिश से कीचड़ में बदली सड़क के चलते जगह-जगह वाहन कीचड़ व गड्ढों में फंसे नजर आए। बिड़ला धर्मशाला के सामने श्रीरामजन्मभूमि पथ पर जाने वाले मार्ग पर पर्यटकों की एक कार गड्ढे में धंस गई। इसमें सवार यात्री किसी तरह बाहर निकले। वहीं श्रीराम अस्पताल बैरियर के ठीक पहले निर्माण कार्य में लगा पानी का एक टैंकर मिट्टी के ढेर में फंस गया। इसी से कुछ दूर पहले एक एसयूवी का पिछला पहिया मिट्टी में धंस गया। साकेत महाविद्यालय के सामने हालात और बुरे थे, यहां तो पूरी सड़क ही धंस गई। बगल लगे मिट्टी के ढेर से निकलने के प्रयास में कार, ई-रिक्शा, दो पहिया वाहन उसमें फंसते रहे। कई ई-रिक्शा को तो धक्का देकर किसी तरह बाहर निकाला गया। स्कूूटी सवार युवती भी इसमें फंस गई। मौके पर तैनात निजी गार्ड व कुछ अन्य लोगों ने उसके वाहन को बाहर निकाला। यही हाल कई इलाकों का रहा। कार्यदायी संस्था की एक जेसीबी के चालक दीपक ने बताया कि वह सुबह से करीब 10 वाहनों को निकाल चुका है। एक एसयूवी को तो पूकलैंड की सहायता से निकला गया। संवाद

कीचड़ में बदला बस स्टेशन, भीगकर बस का इंतजार करते रहे यात्री
अयोध्या। सिविल लाइन स्थित बस स्टेशन का भी हाल बुरा रहा। निर्माण कार्य के चलते परिसर में पड़ी मिट्टी व बालू का ढेर कीचड़ में बदल गया। किसी तरह बसों को बाहर गेट तक लाया जाता रहा। रामपथ निर्माण कार्य के चलते ढहाई गई दुकानें व काटे गए पेड़ के चलते यहां ऐसा कोई स्थान नहीं था जहां यात्री पानी से भीगने से बच सके, मजबूरन वह पानी में भीगकर बसों का इंतजार करते रहे। एआरएम आदित्य प्रकाश ने बताया कि यात्रियों की संख्या न के बराबर रही। फिर भी बसें ऑनरोड रहीं। वहीं, अयोध्या व अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर अन्य जगहों की अपेक्षा हालात ठीक रहे। ज्यादातर ट्रेनें निर्धारित समय से आई। अयोध्या स्टेशन अधीक्षक विजय कुमार चौबे ने बताया कि सभी ट्रेनें ट्रैक पर आ गईं, अब आवागमन सामान्य हो गया है। संवाद


कचहरी के सामने मुख्य मार्ग पर गिरा पेड़, आवागमन बाधित
कचहरी के पश्चिम गेट व आईजी कार्यालय के बीच में शुक्रवार सुबह बारिश के चलते एक भारी भरकम पेड़ मुख्य मार्ग पर गिर गया। इससे पहले से बाधित मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया। सूचना के बाद भी शाम तक वन विभाग के कर्मी वहां दिखाई नहीं दिए।

हनुमान गुफा होकर दर्शन पूजन को आएंगे कांवड़िये
अयोध्या। मुख्य मार्ग सहादतगंज से नयाघाट की हालत खराब होने के चलते चार जुलाई से शुरू हो रहे कांवड़ मेले को लेकर प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग खोजना प्रारंभ कर दिया है। कावंड़ियों को हनुमानगढ़ी, श्रीरामजन्मभूमि आदि दर्शन-पूजन के लिए हनुमान गुफा के रास्ते प्रवेश दिए जाने की योजना है। यहां से कांवड़िये कारसेवकपुर-रामघाट चौराहा होते हुए हनुमानगढ़ी चौराहा तक पहुंचेंगे। गत दिवस अधिकारियों ने इस रास्ते का निरीक्षण भी किया। इसके अलावा भक्ति पथ, श्रीरामजन्मभूमि पथ को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद

असहाय महसूस कर रहा प्रशासन
अयोध्या। जैसा कि पहले ही अंदेशा लगाया गया था कि बारिश के बाद हालत और खराब हो जाएंगे, ठीक वैसा ही हुआ। सड़कों का हाल देखकर प्रशासन भी शुक्रवार अपने आपको असहाय महसूस कर रहा था। हालांकि यातायात पुलिस द्वारा जगह जगह डायवर्जन लागू किया गया है। उदया चौराहा से ही वाहनों को परिक्रमा मार्ग पर डायवर्ट किया गया है। श्रीराम अस्पताल से रेलवे स्टेशन-रायगंज जैन मंदिर होकर वाहनों को निकाला जाता रहा। इसके अलावा दोनों तरफ के परिक्रमा मार्ग को भी वैकल्पिक रास्तों के रूप में प्रयोग किया जा रहा है। एसपी यातायात राजेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि बारिश से हालात खराब हुए हैं, फिर भी वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग कर आवागमन सुचारु रखने का प्रयास किया जा रहा है। श्रीराम अस्पताल से नयाघाट तक का मुख्य मार्ग बंद किया गया है। सभी प्रमुख जगहों पर यातायात कर्मी तैनात किए गए है। प्रशासन द्वारा कुछ जगहें पर निजी सुरक्षाकर्मी भी लगाए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed