बुलंदशहर में बड़ा हादसा टला: कार ने लोडर को मारी टक्कर, सात लोग घायल, बुजुर्ग का शव लेकर जा रहा था परिवार
टक्कर होते ही ऑटो लोडर पलट गया, जिसमें चालक व पीछे बैठे परिवार के लोग घायल हो गए। वहीं राहगीरों ने उनको उठाना शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में जेवर रोड पर जहाजपुर गांव के पास कार और मालवाहक ऑटो लोडर की टक्कर हो गई। ऑटो लोडर में सवार परिवार के सात लोग और कार चालक घायल हो गए। इसके अलावा अन्य लोगों के मामूली चोट आई है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
गुरुग्राम के नूरपुर झारसा गांव निवासी विवेक ने बताया कि वह मूलरूप से अनूपशहर के मलिकपुर गांव में रहने वाले हैं। गुरुग्राम में परिवार के साथ रहकर मजदूरी करते हैं। विवेक ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को उनकी 80 वर्षीय दादी राजवती की बीमारी से मौत हो गई थी। उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए अनूपशहर लेकर जा रहे थे।
इसके लिए उन्होंने एंबुलेंस भी बुक की थी। एंबुलेंस में दादी का शव और विवेक मौजूद थे। परिवार के अन्य लोगों को ऑटो लोडर वाहन के पिछले हिस्से में बैठा दिया था। इसमें परिवार के तीन बच्चे समेत दस लोग बैठे हुए थे। गुरुग्राम से दिल्ली और ग्रेटर नोएडा होते हुए वह जेवर से खुर्जा जंक्शन मार्ग की ओर आ गए। जब वह शाहपुर और जहाजपुर गांव के पास पहुंचे। तभी ऑटो लोडर और सामने से आ रही कार की आमने-सामने से टक्कर हो गई।
टक्कर होते ही ऑटो लोडर पलट गया, जिसमें चालक व पीछे बैठे परिवार के लोग घायल हो गए। वहीं राहगीरों ने उनको उठाना शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी शिवम हॉस्पिटल में भर्ती कराया। इसमें ऑटो लोडर चालक गंगासरन, विवेक की मां महेंद्री, भाई राजकुमार, भाभी प्रीति और परिवार के बच्चे सोवियत, कनक, छोटी को भर्ती किया गया।
अन्य तीन संतोष, दर्शन व अनुष्का को मामूली चोट आई है। वहीं, कार चालक राजू भी घायल है, जिसको अस्पताल में भर्ती कराया गया। खुर्जा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि घायलों को शिवम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।