फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bulandshahar News ›   protest

अग्निपथ के खिलाफ सड़कों पर उतरे आप और रालोद कार्यकर्ता

Ghaziabad Bureau गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Sat, 18 Jun 2022 10:30 PM IST
विज्ञापन
protest
अग्निपथ के खिलाफ सड़कों पर उतरे आप और रालोद कार्यकर्ता
विज्ञापन

बुलंदशहर। सेना में भर्ती के लिए शुरू की गई अग्निपथ योजना के विरोध में शनिवार को आम आदमी पार्टी और रालोद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। आप कार्यकर्ताओं ने काला आम चौराहे पर एकत्रित होकर नारेबाजी की। रालोद कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कचहरी रोड पर ही रोक दिया।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि सेना में चार साल के लिए सैनिकों की भर्ती के लिए लाई गई अग्निपथ योजना से देश की जनता आक्रोश में है। जिलाध्यक्ष शैलेंद्र लोधी ने कहा कि चार साल के लिए सैनिकों की भर्ती वास्तव में सैन्य भर्ती न होकर एक सिक्योरिटी गार्ड ट्रेनिंग सेंटर होकर रह जाएगी। रालोद कार्यकर्ताओं ने कार्यवाहक जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। पूर्व विधायक दिलनवाज खान ने कहा कि ऐसा लगता है कि सरकार ने यह कदम जानबूझकर देश के युवाओं के भविष्य को प्राइवेट कंपनियों के हाथों में देने के लिए उठाया है। सरकार का यह तर्क भारतीय सेना और सैनिकों दोनों के साथ विश्वासघात करता है। सुनील चरौरा ने कहा कि सैनिक देशभक्ति और मातृभूमि की रक्षा के लिए हर क्षण अपनी जान न्योछावर करने को तैयार रहते हैं, लेकिन आपके फैसले ने सैनिकों की इस भावना और जज्बे ठेस पहुंचाई है। इस अवसर पर मनोज शर्मा, इदरीश खान, हुकम सिंह, बॉबी शर्मा, दर्शन शर्मा, मुजाहिद अंसारी, अरुण चौधरी, उमेद अली, सतबीर सिंह, डॉ. उत्तम चौधरी, मनवीर सिंह मौजूद रहे।
विज्ञापन

बस में तोड़फोड़ के मामले में 20 के खिलाफ रिपोर्ट
अहमदगढ़ में स्टेट हाईवे पर रोडवेज बस में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने रोडवेज चालक की शिकायत पर 20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। गुलावठी के गांव मिट्ठेपुर में एसपी सिटी की गाड़ी पर पथराव करने वाले युवाओं को पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया था। उनके भविष्य को देखते हुए चेतावनी देकर छोड़ दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

युवाओं को समझाने के लिए मैदान में उतरे अफसर
बुलंदशहर। अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रदर्शन रोकने के लिए शनिवार को डीएम-एसएसपी के साथ अन्य अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे और लोगों के साथ बातचीत की। अधिकारियों ने युवाओं व लोगों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था बनाने की अपील की।
डीएम चंद्रप्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार ने नगर के यमुनापुरम, गंगा नगर और टांडा स्टेडियम में पहुंचकर युवाओं से बातचीत की। इसके बाद जहांगीराबाद, अहार क्षेत्र में पहुंचकर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से बात कर शांति रखने की अपील की। कहा कि किसी भी व्यक्ति या सोशल मीडिया पर वायरल मैसेज से बहकावे में न आएं। विरोध प्रदर्शन करने के लिए भी कानून के दायरे का पालन करें। अहार क्षेत्र में दौड़ लगा रहे युवाओं से बातचीत करते हुए डीएम-एसएसपी ने कहा कि सरकार ने युवाओं के हित में योजना लागू की है। यदि योजना में कोई संसोधन कराना है, तो इसके लिए नियमानुसार अपना विरोध दर्ज कराएं। ककोड़ क्षेत्र के ग्राम धनौरा, सुनपेड़ा समेत कई गांवों और सिकंदराबाद क्षेत्र के कई गांवों का भी पुलिस प्रशासनिक अफसरों ने भ्रमण कर लोगों से युवाओं को समझाने की अपील की।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पत्र वायरल, दौड़े अफसर
सोशल मीडिया पर एक पत्र वायरल होने के बाद अफसरों ने जहांगीराबाद क्षेत्र के लिए दौड़ लगा दी। वायरल पत्र में अभी नहीं तो कभी नहीं, यदि अभी नहीं जागे तो कुछ नहीं होगा जैसे नारे लिखे थे। अफसरों को इसके बारे में जैसे ही जानकारी हुई वैसे ही एडीएम वित्त विवेक मिश्र, एसपी देहात बीबी चौरसिया ने क्षेत्र के गांव चांदौक में पहुंचकर लोगों और युवाओं से बात करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। एसडीएम सदर आशीष कुमार सिंह ने गुलावठी क्षेत्र में लोगों के साथ बैठक की।
बैठक में सैनिक बंधुओं की समस्याओं पर हुई चर्चा
डीएम सीपी सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में सैनिक बंधुओं के साथ बैठक की। बैठक में डीएम ने सैनिकों से अपील की कि अपने क्षेत्रों में युवाओं को अग्निपथ योजना के फायदे बताएं। जिससे वह उग्र प्रदर्शन करने वालों में शामिल न हों। कहा कि पूर्व सैनिक युवाओं को अच्छी प्रकार से समझा सकते हैं क्योंकि उन्हीं से प्रेरणा लेकर युवा सेना में भर्ती होते हैं। इस दौरान पूर्व सैनिकों की समस्याओं को लेकर भी चर्चा की गई। अनूपशहर तहसील में सीओ उमेश पांडेय और तहसीलदार बीबी वर्मा ने पूर्व सैनिकों के साथ बैठक करते हुए युवाओं को योजना के फायदे समझाने का अनुरोध किया।

शनिवार को जिले में पूरी तरह से शांति व्यवस्था कायम रही। जिलेभर में विभिन्न गांवों में अधिकारियों ने बैठक कर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। पूर्व सैनिकों से भी आह्वान किया है कि वह योजना के फायदे बताएं, जिससे कि युवा भ्रमित होकर सड़कों पर न उतरें। - चंद्रप्रकाश सिंह, डीएम
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed