फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bulandshahar News ›   murder

स्कूल से अपहरण कर मासूम की हत्या के बाद बवाल, पुलिस पर पथराव, जाम

Ghaziabad Bureau गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Sun, 10 Jul 2022 10:12 PM IST
विज्ञापन
murder
स्कूल से अपहरण कर मासूम की हत्या के बाद बवाल, पुलिस पर पथराव, जाम
विज्ञापन

छतारी । सात वर्षीय मासूम की स्कूल से शनिवार को अपहरण कर हत्या कर दी गई। शव रविवार को अलीगढ़ के हरदुआगंज थाना क्षेत्र के मछुआ गांव स्थित रजवाहे से बरामद हुआ है। घटना के विरोध में जमकर बवाल हुआ। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने अनूपशहर-अलीगढ़ हाईवे पर जाम लगाने के साथ पुलिस पर पथराव भी किया। सीओ और एसपी देहात की गाड़ी तोड़ दी गई। आंसू गैस के गोले छोड़ने के बाद भी पुलिस प्रदर्शनकारियों को शांत नहीं कर पाई। पथराव में एक सिपाही मामूली रूप से घायल हुआ है।
छतारी क्षेत्र के गांव शेखूपुर निवासी चंद्र प्रकाश बेटा हर्ष (7) गांव के निकट ही प्राइवेट स्कूल में यूकेजी में पढ़ता था। शनिवार को हर्ष स्कूल गया था, लेकिन दोपहर बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने स्कूल में जाकर संपर्क किया तो कक्षा में उसकी हाजिरी लगी मिली, लेकिन बच्चे की जानकारी कोई नहीं दे सका। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया और बच्चे की तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक कोई सुराग नहीं लगा तो अपहरण की आशंका जताते हुए थाने में लिखित शिकायत दी।
विज्ञापन

आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रविवार सुबह नौ बजे तक बच्चे की कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने पंड्रावल पुलिस चौकी के सामने अनूपशहर-अलीगढ़ हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी डिबाई अजय कुमार और तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजन बच्चे की बरामदगी की मांग पर अड़े रहे। इसी दौरान सुबह करीब 11:30 बजे अलीगढ़ जनपद के हरदुआगंज थाना क्षेत्र के गांव मछुआ के रजवाहे से एक बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम शिनाख्त के लिए पहुंच गई। शव हर्ष का ही निकला।
विज्ञापन
विज्ञापन

हत्या की जानकारी मिलते ही और भड़का गुस्सा
दोपहर बच्चे की हत्या की जानकारी मिलते ही गुस्सा और भड़क गया। प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ती चली गई। बीच मार्ग पर ही ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। डायल 112 गाड़ी का भी घेराव कर वहां से भगा दिया। प्रदर्शनकारी हाथों में लाठी व डंडे लिए हुए नजर आए। स्थिति खराब होती देख पीएसी बुला ली गई। छह थानों का पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया, लेकिन प्रदर्शनकारी बीच मार्ग से हटने को तैयार ही नहीं हुए। एसपी देहात और एसडीएम विभिन्न अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जाम नहीं खोला गया। शाम पांच बजे के बाद पुलिसकर्मियों ने पंड्रावल तिराहे से जबरन ग्रामीणों को हटाना शुरू कर दिया। इस पर भीड़ में से कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। एक सिपाही मामूली रूप से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए शाम करीब साढ़े पांच बजे जाम खुलवा दिया। जाम लगाने वाले कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। इसके बाद ग्रामीणों ने चौढेरा और शेखूपुर के बीच जाम लगा दिया। यहां सीओ भास्कर मिश्र और एसपी ग्रामीण बजरंगबली चौरसिया की गाड़ी भी तोड़ दी गई। पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इसके बाद भी प्रदर्शनकारियों को काबू नहीं किया जा सका।
स्कूल ने लापरवाही की इंतहा पार की
हर्ष के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि सुबह स्कूल बस में 25 बच्चे गए थे, बस वापस लौटकर आई तो उसमें 24 बच्चे थे। उन्होंने सवाल उठाए कि स्कूल में बच्चे पहुंचने के दौरान और छुट्टी के बाद उनकी गिनती नहीं की गई? बिना गिनती के बच्चों को कैसे एंट्री दी गई और कैसे घर भेज दिया गया। ऐसे में किसी भी बच्चे के साथ हादसा हो सकता है। यदि बच्चों की गिनती की जाती तो पहले ही अपहरण की जानकारी हो जाती। परिजनों का यह भी कहना है कि हर्ष की कक्षा के बच्चों के अनुसार दोपहर को लंच टाइम तक वह स्कूल में ही था। इसके बाद हर्ष कहीं भी दिखाई नहीं दिया। बताया जा रहा है कि हर्ष का बैग भी स्कूल में ही था, इसके बावजूद स्कूल प्रशासन ने लापरवाही बरती है। ऐसे में परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर अपहरण कर हत्या की आशंका जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
न बाउंड्रीवाल और न ही स्कूल में लगे हैं कैमरे
सुरक्षा की दृष्टि से स्कूल में काफी कमियां हैं। स्कूल खेतों में बना हुआ है और बाहरी क्षेत्र में बाउंड्रीवॉल भी नहीं है। सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी भी नहीं लगाए गए हैं। सीसीटीवी लगे होते तो जानकारी मिल सकती थी कि बच्चा स्कूल से कब और किसके साथ बाहर गया।
बच्चे की नाक से निकल रहा था खून
बच्चे का शव रजवाहे से बाहर निकाला गया तो उसके सिर पर चोट का निशान मिला है। नाक से भी खून बह रहा था। ऐसे में बच्चे की पिटाई की आशंका जताई जा रही है। शव को अलीगढ़ में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
चला गया इकलौता बेटा
हर्ष के पिता चंद्र प्रकाश बैटरी की दुकान में काम करते हैं। बेटा हर्ष के अलावा पांच व तीन साल की दो बेटियां हैं। इकलौते बेटे की हत्या से परिजन बदहवास हैं।
सुबह नौ से शाम साढ़े पांच बजे तक रहा जाम
मुख्य मार्ग पर सुबह नौ से शाम साढ़े पांच बजे तक जाम लगने के कारण वाहन चालक परेशान रहे। ईद के अवसर पर अपने रिश्तेदारों के घर आ रहे लोगों को दिक्कत हुई। गर्मी में बीच सड़क पर लोग परेशान होते रहे।
पांच महीने पहले इसी तरह हुई थी घटना
गत 30 जनवरी को छतारी थाना क्षेत्र से आठ साल का मासूम बच्चा गायब हो गया था। करीब 60 घंटे बाद अलीगढ़ के जवां थाने के पास बच्चे का शव मिला था। इस मामले में पुलिस ने बच्चे के पिता के यहां काम करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जिन्होंने रंजिश के चलते उसकी हत्या कर शव को अलीगढ़ क्षेत्र में फेंक दिया था।

छह टीमों को लगाया
हर्ष शनिवार दोपहर को स्कूल से लापता हुआ। गुमशुदगी दर्ज कर ली गई थी। रविवार को उसका शव अलीगढ़ क्षेत्र में रजवाहे से बरामद हुआ है। आशंका है कि अपहरण के बाद हत्या कर शव को वहां फेंका गया है। वारदात के राजफाश के लिए छह टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ कर खुलासा कर दिया जाएगा। - श्लोक कुमार, एसएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed