फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bulandshahar News ›   holi festival

पूजा-अर्चना के बाद हुआ होलिका दहन, आज बरसेगा रंग

Ghaziabad Bureau गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Sun, 28 Mar 2021 10:10 PM IST
विज्ञापन
holi festival
मध्य गंगनहर कालोनी में होलिका दहन करते लोग। - फोटो : BULANDSHAHR
पूजा-अर्चना के बाद हुआ होलिका दहन, आज बरसेगा रंग
विज्ञापन

बुलंदशहर। जनपद भर में रविवार को महिलाओं ने व्रत रखकर होलिका माता की पूजा-अर्चना की। इसके बाद शाम को मुहूर्त के अनुसार सभी ने अपने-अपने समय पर होलिका दहन किया। इस दौरान लोगों ने गेहूं की बालियां भूनकर एक-दूसरे को वितरित की और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। वहीं, सोमवार को होली के दिन एक-दूसरे पर रंग बरसेगा।
होलिका दहन से पूर्व रविवार सुबह महिलाओं ने व्रत रख नए वस्त्र पहनकर होली के मंगल गीत गाते हुए होलिका दहन स्थल पर पहुंची और होलिका माता की पूजा कीं। महिलाओं ने कच्चे सूत से परिक्रमा लगाकर घर में बनाए पकवान गूलरी, पूड़ी, हल्दी, घी, गुझिया और रोली-चावल आदि से पूजा की। पूजा के बाद घर पहुंचकर घर में स्थापित की गई होली का पूजन किया। शाम को विधि-विधान से पूजा कर होलिका का दहन किया गया। जनपद भर में 1500 से अधिक स्थानों पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका दहन किया गया। होली मनाने वाले लोग आज सुबह भगवान को गुलाल, रंग लगाकर अपने बड़े-बुजुर्गों संग होली खेलेंगे।
विज्ञापन

सोशल मीडिया पर खूब उड़ा रंग
रविवार को सोशल मीडिया पर खूब पिचकारियां चलीं। लोगों ने अपने परिजन, रिश्तेदारों, दोस्तों को होली की शुभकामनाओं के संदेश भेजे। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार की फोटो, एनीमेशन और वीडियो भी शेयर किए। अधिकांश लोगों के पास दिनभर विभिन्न माध्यमों से होली की शुभकामनाएं आती रहीं। इसके अलावा कई युवाओं ने गुलाल से होली खेली और फोटो क्लिक कर शेयर किए।
विज्ञापन
विज्ञापन

कोरोना की वजह से बाजार में कम दिखी रौनक
कोरोना संक्रमण की वजह से इस बार भी होली का त्योहार प्रभावित रहा। त्योहार को लेकर बाजार जहां रंग-गुलाल और पिचकारियों से सजे रहे, लेकिन खरीदारी कम होने से व्यापारियों में उदासी छाई रही। व्यापारियों का कहना है कि गत वर्ष की तरह इस बार भी कोरोना संक्रमण के डर से बहुत से लोग डरे हुए हैं और उस तरह उत्साहित नहीं है। जिस प्रकार दो वर्ष पूर्व नजर आते थे।
रंगों के साथ खानपान पर भी रखें ध्यान, बरते सतर्कता
होली के रंग के साथ साथ लोगों को सेहत पर भी ध्यान रखना होगा। मिलावट वाले रंग आंखों की रोशनी और त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। जिला अस्पताल के चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप राणा ने बताया कि मिलावटी रंग का असर त्वचा पर पड़ता है। शरीर में जलन और खुजली की शिकायत के साथ स्किन फटने लगती है। इसके अलावा एलर्जी की शिकायत हो सकती है। बताया कि होली पर हर्बल रंग का प्रयोग करें। रंग लगवाने से पूर्व त्वचा पर कोई क्रीम या नारियल का तेल लगाकर निकलें। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि मिलावटी रंगों से बचें। मिलावटी रंग आंखों की काली पुतली में जख्म बना देते हैं। इससे आंखों की रोशनी कम हो सकती है। सावधानी नहीं बरतने पर रोशनी भी जा सकती है। वहीं, गुब्बारों की सिर पर मार भी खतरनाक साबित हो सकती है। आंखों की सुरक्षा को चश्मा लगाकर होली खेलें। आंखों पर रंग पड़ने पर साफ पानी से धोएं और एंटीबायोटिक ड्रॉप का इस्तेमाल करें।
तिलक लगाएं और पैर छूएं, गले मिलने से बचें
होली के साथ साथ कोरोना संक्रमण का खतरा भी बरकरार है। चिकित्सकों का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी जरूरी है। होली पर तिलक लगाएं और पैर छूएं, गले मिलने से बचें। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। होम्योपैथिक चिकित्सक नमिता रस्तोगी ने बताया कि गुलाल से होली खेलें। भीगने वाली होली न खेलें, जिससे बुखार-जुकाम का खतरा है। बताया कि होली खेलने से पहले पेट भर भोजन जरूर करें, इससे वायरस-बैक्टीरिया का प्रभाव कम होता है। कैंसर, मधुमेह, किडनी, लिवर समेत अन्य गंभीर मर्ज से ग्रसित लोग विशेष सावधानी बरतें।
घर पर जाने को लेकर मची मारामारी
बुलंदशहर। रविवार का दिन यात्रियों के लिए सबसे बुरा रहा। उप्र परिवहन निगम द्वारा जहां यात्रियों को गंतव्य तक छोड़ने के लिए पूर्व में ही तैयारी कर ली थी। रोडवेज बसें जहां अड्डे पर आने के दौरान रवाना होती रही। इससे यात्रियों को काफी राहत मिली। लेकिन संबंधित क्षेत्र के लिए रोडवेज बस न मिलने पर लोगों को निजी बसों में सफर करना पड़ा। बसों में भारी भीड़ होने के कारण जगह न मिलने पर यात्री बसों के पायदान पर लटक कर और छत पर बैठकर सफर करते दिखाई दिए।
डग्गामार वाहनों ने लिया मनमाना किराया
रंगों के त्योहार होली से पूर्व बसों में भीड़ बढ़ने का फायदा डग्गामार वाहनों ने जमकर उठाया। सफर कराने के दौरान उन्होंने यात्रियों से मनमाना किराया वसूल किया। इसके बाद भी लोग डग्गामार वाहन में जान जोखिम डालकर यात्रा करते नजर आए। वहीं नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली जाने के लिए टैक्सी संचालकों ने भी डबल किराया वसूल किया।
बिजली और पानी की आज होगी निर्बाध सप्लाई
बुलंदशहर। रंगों के त्योहार होली पर जिले में 24 घंटे बिजली एवं पानी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सुरक्षा को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं और लोगों को स्वास्थ्य सुविधा भी मिलेगी। होली के दिन लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों ने कर्मचारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं, नगर के साथ-साथ जनपद के समस्त उपकेंद्र से भी 24 घंटे बिजली आपूर्ति दी जाएगी।
चीफ इंजीनियर अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि विद्युत व्यवस्था बेहतर रखने के लिए संबंधित कर्मियों को जरूरी दिशानिर्देश दिए गए हैं। फॉल्ट होने की समस्या का समाधान करने के लिए कर्मचारियों की अलग-अलग समय पर ड्यूटी लगाई गई है। पालिका चेयरमैन मनोज गर्ग ने बताया कि सोमवार को पूरे दिन पानी की सप्लाई बहाल रहेगी। कुछ स्थानों पर पानी की अतिरिक्त व्यवस्था के लिए टैंकरों की व्यवस्था की जाएगी। उधर, जिला अस्पताल के साथ समस्त सरकारी चिकित्सालयों में चिकित्सकों को अलर्ट पर रखा गया है। साथ ही इमरजेंसी ड्यूटी पर चिकित्सकों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। सीएमओ डॉ. भवतोश शंखधर ने बताया कि घटना-दुर्घटना में पीड़ित के त्वरित इलाज की व्यवस्था की गई है।
होली पर किया हुड़दंग तो खानी पड़ेगी हवालात की हवा
बुलंदशहर। होली के त्योहार पर शराब पीकर हंगामा करना आपको भारी पड़ सकता है। शराब पीकर उत्पात मचाने पर पुलिस हुड़दंगियों को हवालात की हवा खिलाने की तैयारी कर चुकी है। एसएसपी ने शराबियों और तेज रफ्तार वाहन चलाने वाले लोगों की धरपकड़ कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा बैरियर लगाकर वाहनों की स्पीड पर नियंत्रण करने का भी प्रयास रहेगा।

होली पर्व पर कुछ युवकों द्वारा शराब एवं अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर हंगामा किया जाता है। इसके चलते शहर एवं देहात क्षेत्र में कई घटनाएं भी होती हैं। इसके अलावा कुछ युवक तेज रफ्तार में कार, बाइक आदि वाहन चलाते हैं। तेज रफ्तार के चलते न सिर्फ वाहन चालक को खतरा होता है, बल्कि दूसरे लोग भी हादसे का शिकार बन जाते हैं। इसको देखते हुए एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने होली पर सभी सर्किल और थाना प्रभारियों को निर्देश जारी किए हैं कि तेज रफ्तार वाहन चलाने वाले लोगों एवं शराब पीकर हंगामा करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। किसी को भी शांति व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed