Bulandshahr: पीएम मोदी की जनसभा की तैयारियों का सीएम योगी ने लिया जायजा, बच्चे से सुना पहाड़ा, दिये ये निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा स्थल के पास गांव सिखैड़ा के समीप बनाई गई वीआईपी पार्किंग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पार्किंग स्थल के पास मौजूद मिले कक्षा चार के एक बच्चे को मुख्यमंत्री ने अपने पास बुलाया और उससे दो का पहाड़ा सुना।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में पुरुषों के बराबर ही महिलाओं की भी भागीदारी होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यक है कि महिला कार्यकर्ताओं को भी जनसभा में शामिल होने के लिए न्यौता देते हुए आवश्यक व्यवस्था की जाएं। यह निर्देश मुख्यमंत्री य़ोगी आदित्य़नाथ ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिए। इससे पहले उन्होंने चांदमारी स्थित पीएम मोदी की जनसभा स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 जनवरी को प्रस्तावित जनसभा की तैयारियों का जायजा लिया।
सीएम योगी ने बच्चे से सुना पहाड़ा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा स्थल के पास गांव सिखैड़ा के समीप बनाई गई वीआईपी पार्किंग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पार्किंग स्थल के पास मौजूद मिले कक्षा चार के एक बच्चे को मुख्यमंत्री ने अपने पास बुलाया और उससे दो का पहाड़ा सुना। बच्चे द्वारा पहाड़ा सुनाने पर मुख्यमंत्री ने बच्चे को आशीर्वाद देते हुए चॉकलेट भी दी।
सीएम के पहुंचते ही लगे जय श्रीराम के नारे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हैलीकॉप्टर से उतरते ही जनसभा स्थल के बाहर मौजूद लोगों और युवाओं ने जय श्री राम के नारे लगाए। जब मुख्यमंत्री पार्किंग स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे तो पुलिस की ओर से चोला रोड पर लोगों का आवागमन बंद कर दिया। पुलिस द्वारा रोके गए लोगों ने जब मुख्यमंत्री को देखा तो उन्होंने भी योगी-योगी की नारेबाजी की।
आजाद अधिकार सेना के संगठन मंत्री से पुलिसकर्मी ने की अभद्रता
आजाद अधिकार सेना के ऱाष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने मुख्यमंत्री को ट्वीट किया है। आरोप लगाया कि पार्टी के संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह जब पलवल जा रहे थे तो पुलिस ने उन्हें रोका और उनसे अभद्रता की। इसके लिए वीडियो भी ट्वीट करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
यह रहे मौजूद
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश मंत्री चंद्रमोहन, अमित वाल्मीकि, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह, कपिल देव अग्रवाल, जिले के प्रभारी मंत्री डा. अरुण सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. अंतुल तेवतिया, सांसद डा. भोला सिंह, गौतमबुद्धनगर सांसद डा. महेश शर्मा, जिलाध्यक्ष विकास चौहान, विधायक प्रदीप चौधरी, विधायक लक्ष्मीराज सिंह, विधायक मीनाक्षी सिंह, युवा जिलाध्यक्ष दिवाकर सिंह, केपी सिंह, दीपक दुल्हेरा के साथ पश्चिम क्षेत्र के विधायक, सांसद और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।