राजिया के 'लाल' को ललित ने पीटा: पेड़ से बांधकर दी तालिबानी सजा, हाथ-पैर रस्सी से बांध की पिटाई; देखें Video
एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि एक बच्चे को पेड़ से बांधकर पीटने की शिकायत पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। बच्चे को बंधन से मुक्त करा गांव दूदूपुर निवासी परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
विस्तार
यूपी के खुर्जा स्थित नेहरूपुर चुंगी के पास चोरी के आरोप में 10 वर्षीय बच्चे को पेड़ से बांधकर तालिबानी सजा देने का मामला सामने आया। कुछ लोग बच्चे को पेड़ से बांधकर पिटाई कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को बंधन से मुक्त कराया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
खुर्जा के नेहरूपुर निवासी राहुल ने बताया कि चुंगी के पास शनिवार दोपहर को भीड़ इकट्ठा हो रही थी। उन्होंने जाकर देखा कि एक 10 साल के बच्चे को पेड़ पर रस्सी से बांध रखा है। बच्चे को कुछ लोग गाली दे रहे थे और उसकी पिटाई भी कर रहे थे। आस-पास मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
सूचना पर स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को बंधन मुक्त कराया। साथ ही बच्चे से मारपीट करने वाले आरोपी को हिरासत में लिया गया। बच्चे और एक आरोपी को पुलिस कोतवाली लेकर आई। इसके बाद बच्चे के परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर बच्चे के परिजन भी कोतवाली पहुंच गए। जहां बच्चे की मां राजिया ने मामले में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी ललित स्थानीय एक हिंदू संगठन में कार्यकर्ता है।
एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि एक बच्चे को पेड़ से बांधकर पीटने की शिकायत पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। बच्चे को बंधन से मुक्त करा गांव दूदूपुर निवासी परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। इसमें बच्चे की मां राजिया की तहरीर पर आरोपी ललित सैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और जेल भेजा जा रहा है।