कलेक्ट्रेट में शुरू किया धरना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोठी थाने में जिंदा जलाई गई महिला के परिवारीजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी व परिवार की सुरक्षा समेत कई मांगों को लेकर सोमवार से कलेक्ट्रेट में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। घटना में नामजद आरोपी एसओ व एसआई के खिलाफ कार्रवाई की बजाए पुलिस अधिकारी उन्हें लगातार बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
बीते 6 जुलाई को पति को छुड़ाने कोठी थाने पहुंची महिला को थानाध्यक्ष रायसाहब यादव व एसआई अखिलेश राय ने जिंदा जला दिया था जिसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत कई धारा में रिपोर्ट दर्ज की थी। इस वारदात के एक सप्ताह से भी अधिक बीत जाने के बाद भी पुलिस मामले में दोनों आरोपियों को न तो गिरफ्तार कर सकी है और न ही मृतका के बयान के आधार पर इनके खिलाफ दर्ज मुकदमे में कोई धारा ही बढ़ाई गई है। घटना में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से जिले में हर किसी में आक्रोश व्याप्त है और इसके विरोध में आए दिन कोई न कोई संगठन धरना प्रदर्शन भी कर रहा है, लेकिन उसके बावजूद पुलिस व प्रशासन के अधिकारी अपनी आंखें बंद किए बैठे है। यहां के अफसर ही दोषी पुलिसकर्मियों को बचाने में जुटे हैं। वहीं, अब पीड़ित परिवार को फंसाने की खातिर ही पुलिस ने जाल बिछाना शुरू कर दिया है जिसको लेकर पीड़ित परिवार ने सोमवार से कलेक्ट्रेट में अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया है।
ये प्रमुख मांग
थाने में महिला को जलाने के मामले में आरोपियों पर कार्रवाई के लिए अनिश्चित कालीन धरना उनके परिवारीजनों द्वारा शुरू किया गया है। धरने मेें मृतका के पति, पुत्रों, पुत्री, बहू व पौत्री भी धरने पर बैठी हैं। सभी ने मांग की है कि मृतका के बयान के आधार पर आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा बढ़ाने, आरोपियों की गिरफ्तारी करने, थाने के पुराने स्टाफ व एसपी को जिले से हटाने, घटना मेें सीबीसीआईडी जांच की जगह सीबीआई से जांच कराने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग है।
फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप
धरने पर बैठे मृतका के परिवारीजनों ने आरोप लगाते हुए कहा है कि कोठी थाने की पुलिस उसके विरोधियों से मिलकर पीड़ित परिवार को ही फंसाने की तैयारी कर रही है। पीड़ित परिवार ने डर जताते हुए कहा है कि मामले में आरोपी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई न करने के लिए अब इस तरह के काम किए जा रहे है कि पीड़ित परिवार ही इसकी चपेट में आए जिससे दोषी पुलिसकर्मियों को राहत मिल सके।
कोठी कांड की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग
बाराबंकी। कोठी थाने में एसओ व एसआई द्वारा जिंदा जलाई गई महिला के मामले में उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग प्रदेश के मुख्यमंत्री से की गई है। उच्च प्राथमिक अनुदेशक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश ने सीएम को पत्र भेजकर यह मांग की है।