बाराबंकी। असंद्रा क्षेत्र में पांच जून को एक महिला की गला रेतकर हत्या का खुलासा कर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था। इसका विरोध करने पर आरोपी ने महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। पुलिस का कहना है कि इससे पहले भी ये आरोपी चार महिलाओं के साथ ऐसी हरकतें कर चुका है, ये बात जांच में पता लगी है। आरोपी को जेल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, असंद्रा थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच जून को खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला का शव पड़ा मिला था। इसके बाद पीएम रिपोर्ट में महिला की गला रेतकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। घटना का खुलासा करते हुए असंद्रा थानाध्यक्ष अमर सिंह ने बताया कि रानीमऊ चौराहे से राम हजारी पुत्र सत्रोहन गौतम निवासी जमौली मरिया थाना असंद्रा को गिरफ्तार किया गया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद हो गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी ने खेत में अकेले पाकर महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने इसका विरोध किया तो उस पर हंसिया से हमलाकर हत्या कर दी और भाग निकला। एसओ ने बताया कि आरोपी इससे पहले भी चार महिलाओं के साथ ऐसी हरकतें कर चुका था। पूछताछ में उसने ये जानकारी दी है। आरोपी को जेल भेजा गया है।