बलिया वसूली कांड: एक और हेड कांस्टेबल गिरफ्तार, फरार चौकी इंचार्ज और दो सिपाहियों की तलाश; दबिश जारी
Ballia News: बलिया में ट्रकों से अवैध वसूली के खेल का भंडाफोड़ होने के बाद पुलिस महकमे में आज तक खलबली मची है। वहीं, गिरफ्तार सिपाहियों ने पूछताछ में बताया है कि वसूली के 100 रुपये मिलते थे तो 60 थानाध्यक्ष पन्नेलाल रखता था। 40 सिपाहियों और दलालों पर खर्च करता था।
विस्तार
बलिया के नरही वसूली कांड में पुलिस ने एक अन्य आरोपी हेड कांस्टेबल विष्णु यादव को भी गिरफ्तार कर लिया है। एक दिन पहले ही पुलिस ने नरही के निलंबित एसओ पन्नेलाल को गोरखपुर से गिरफ्तार किया था।
प्रकरण में अभी निलंबित कोरंटाडीह चौकी इंचार्ज राजेश कुमार प्रभाकर और दो सिपाहियों के साथ कुछ दलालों की तलाश है।
यूपी-बिहार बार्डर पर बक्सर गंगा पुल से होकर बलिया में आने वाले ट्रकों से अवैध वसूली पर एडीजी और डीआईजी ने बड़ी कार्रवाई की थी। मौके से दो पुलिसकर्मियों के साथ 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
नरही थाना प्रभारी पन्नेलाल, चौकी प्रभारी कोरंटाडीह राकेश प्रभाकर समेत सात पुलिसकर्मियों और 16 प्राइवेट लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई थी।
रविवार को हुई था कार्रवाई
सीओ सदर शुभसुचित, नरही थाना प्रभारी पन्नेलाल, चौकी प्रभारी कोरंटाडीह राकेश प्रभाकर समेत 18 पुलिकर्मियों को निलंबित किया गया था। पांच पुलिसकर्मी फरार थे। इसमें पुलिस ने नरही के निलंबित एसओ पन्नेलाल को रविवार को गोरखपुर से गिरफ्तार किया था।
सोमवार को एक अन्य आरोपी हेड कांस्टेबल विष्णु यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया। प्रकरण में अभी निलंबित कोरंटाडीह चौकी इंचार्ज राजेश कुमार प्रभाकर और दो सिपाहियों के साथ कुछ दलालों की तलाश की जा रही है।
एसपी विक्रांत वीर ने बताया कि गिरफ्तार पुलिसकर्मियों को रिमांड के लिए न्यायालय वाराणसी भेजा गया है। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उधर, गोरखपुर से गिरफ्तार किए गए निलंबित एसओ पन्नेलाल को रविवार की रात में ही बलिया लाया गया। यहां डीआईजी और एसपी ने उससे घंटों पूछताछ की। रात में ही पुलिस अधिकारी पन्नेलाल को लेकर नरही थाना पहुंचे। वहां उसकी मौजूदगी में उसके सील सरकारी आवास का ताला खोलकर उसमें रखे सामानों की जांच की गई।
जरूरी सामानों को पुलिस अधिकारियों ने अपने कब्जे में ले लिया। सोमवार की सुबह एडीजी जोन भी बलिया पहुंचे। उन्होंने गिरफ्तार एसओ से पूछताछ की और फिर वापस चले गए।