अयोध्या: चढ़ावे की रकम से जमीन, मकान, कार और शादी तक का खर्च, आरोपियों की संपत्ति का चार्जशीट में हुआ विश्लेषण
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आठ आरोपियों की संपत्ति का विश्लेषण किया गया है जिसमें पाया गया है कि आरोपियों में किसी ने चढ़ावा चोरी की रकम से कार खरीदी तो किसी ने जमीन और मकान। यहां देखें पूरी डिटेल
विस्तार
रामजन्मभूमि चढ़ावा धनराशि प्रकरण की चार्जशीट में पुलिस ने आरोपियों की बैंक खातों, जमीन-मकान, वाहन, जेवर और अन्य खर्चों का विस्तृत विश्लेषण किया है। पुलिस का दावा है कि गणना कक्ष में दान-चढ़ावे की रकम का इस्तेमाल आरोपियों ने खुद के साथ-साथ परिजनों के खातों और संपत्तियों में किया।
अनुकल्प : पिता के 55 लाख के मकान में 25 लाख नकद का दावा
- चार्जशीट के अनुसार अनुकल्प मिश्रा के पिता रवींद्र कुमार मिश्रा ने कौशलपुरी, अयोध्या में 55 लाख रुपये का मकान वंदना द्विवेदी से खरीदा। 29.50 लाख रुपये बैंक से और 25 लाख रुपये लखनऊ में नकद दिए गए, जबकि 50 हजार रुपये बकाया बताए गए। 29.50 लाख रुपये में से 12 लाख रुपये अनुकल्प के खाते से पिता के खाते में भेजे गए। इसके अलावा 17.50 लाख रुपये रिश्तेदारों व परिचितों रामेंद्र, कौशल और राजीव तिवारी को पांच-पांच लाख रुपये नकद देकर उनके माध्यम से बैंक खाते में जमा कराने तथा 2.50 लाख रुपये रवीन्द्र द्वारा स्वयं खाते में जमा करने की बात कही गई है। चार्जशीट में अनुकल्प के स्विफ्ट डिजायर खरीदने में तीन लाख रुपये नकद और भागवत कथा आयोजन में 7.33 लाख रुपये खर्च करने का भी उल्लेख है। पुलिस के अनुसार इस अवधि में उसके खातों में वेतन के रूप में 3.13 लाख रुपये आए।
ये भी पढ़ें - अयोध्या की रामलीला: मिस यूनिवर्स माता सीता और रवि किशन निभाएंगे प्रभु राम का किरदार, 10 अक्तूबर से शुरुआत
ये भी पढ़ें - राम दान की लूट: 85 बार चोरी करते दिखा अविनाश, चैट में कैश के बंडलों का जिक्र; 700 खातों में चंपत के नाम एक भी नहीं
अविनाश : 6.71 लाख नकद जमा, भाइयों को 18.47 लाख देने का दावा
अविनाश शुक्ला उर्फ शनि ने अपने और परिजनों के विभिन्न खातों में करीब 6,71,317 रुपये नकद जमा किए। भाई अभिषेक शुक्ला को ब्रेजा खरीदने के लिए तीन लाख रुपये और भाई आशीष को शादी के लिए छह लाख रुपये दिए। इसके अलावा अभिषेक के खाते में करीब 4,97,138 रुपये और आशीष के खाते में 2.50 लाख रुपये जमा कराने तथा अभिषेक के ऋण भुगतान के लिए तीन लाख रुपये देने का उल्लेख है। इस अवधि में अविनाश को वेतन से 1,82,172 रुपये मिलने की बात भी कही गई है।
लवकुश : पत्नी के नाम 22.52 लाख की जमीन, 20.91 लाख में मकान
लवकुश मिश्रा ने अपनी पत्नी सुप्रिया मिश्रा के बैंक खाते में करीब 14.39 लाख रुपये जमा किए। पत्नी के नाम कमल स्वरूप सिंह से 22.52 लाख रुपये में जमीन खरीदी गई। पुलिस के मुताबिक जमीन और मकान पर कुल 43.43 लाख खर्च किए गए। सितंबर 2025 से जून 2026 के बीच लवकुश को वेतन से 1,62,593 रुपये मिले।
करुणेश : परिजनों के खातों में 20.18 लाख नकद
करुणेश पांडेय की पत्नी रूपा के एसबीआई खाते में करीब 18.55 लाख रुपये नकद जमा होने का उल्लेख है। भाई अखिलेश पांडेय के एचडीएफसी खाते में 1,43,100 रुपये और बीओबी खाते में 20 हजार रुपये नकद जमा होने की बात चार्जशीट में है। पुलिस ने कुल करीब 20.18 लाख रुपये को अपराध से अर्जित धन बताया है। इस अवधि में करुणेश को वेतन से 1.74 लाख रुपये मिले।
रमाशंकर : परिजनों के खातों में 20.92 लाख, 12 लाख का प्लॉट
रमाशंकर मिश्रा के पिता छेदूलाल मिश्रा के दो इंडियन बैंक खातों में 10,80,550 और 14,500 रुपये, भाई विवेक शंकर मिश्रा के खाते में 9,43,750 रुपये, मां तारावती के खाते में 39 हजार और बहन पूर्णिमा के खाते में 15 हजार रुपये जमा होने का उल्लेख है। पुलिस ने कुल 20,92,800 रुपये को अपराध से प्राप्त धन बताया है। इसके अलावा रमाशंकर ने अपने और परिजनों के नाम 12 लाख रुपये का संयुक्त प्लॉट खरीदा। मोबाइल डाटा में 1.03 लाख रुपये का कैमरा और 22,200 व 2,900 रुपये की अंगूठियां खरीदने की रसीद मिलने की बात भी कही गई है।
मनीष : नियुक्ति के दो महीने में भाई के खाते में दो लाख
मनीष कुमार यादव 15 अप्रैल 2026 से गणना कक्ष में दान-चढ़ावे की गिनती के काम में नियुक्त हुआ था। पुलिस के मुताबिक उसके भाई सनी यादव के इंडसइंड बैंक खाते में दो लाख रुपये जमा किए गए। उसे वेतन से 21,624 रुपये मिले।
टिन्नू : बेटे के नाम 9.50 लाख की संपत्ति, छह लाख की अर्टिगा
रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और पत्नी के विभिन्न खातों में कुल 8.48 लाख रुपये नकद जमा किए गए। 2.46 लाख की बुलेट, 4.45 लाख रुपये की नकद ज्वैलरी, 2.75 लाख की पुरानी ज्वैलरी, पुत्र रवि यादव के नाम 9.50 लाख की संपत्ति और छह लाख रुपये की अर्टिगा खरीदी गई। चार्जशीट में बैंक रिकॉर्ड का हवाला देते हुए कहा गया है कि सात सितंबर 2020 से छह जनवरी 2022 तक टिन्नू के एसबीआई में दान-चढ़ावे की रकम जमा की जाती रही। इसके बाद भी दानपात्रों की चाबियां उसके कब्जे में रहने की बात पुलिस ने कही है।