फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Amethi News ›   Election campaign closed, today polling parties will go today

चुनाव प्रचार बंद, आज रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां

Fri, 25 Feb 2022 10:53 PM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Fri, 25 Feb 2022 10:53 PM IST
विज्ञापन
Election campaign closed, today polling parties will go today
34 : गौरीगंज : जवाहर नवोदय विद्यालय में खड़े अधिग्रहीत वाहन। -संवाद - फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में शामिल जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में रविवार को वोट डाले जाएंगे। मतदान के लिए बनाए गए 868 मतदान केंद्र व 1548 मतदेय स्थलों पर मतदान कराने के लिए गठित पोलिंग पार्टियां शनिवार को दोपहर बाद जवाहर नवोदय विद्यालय से गंतव्य के लिए रवाना कर दी जाएंगी। पोलिंग पार्टियों की सुविधा के लिए शुक्रवार से ही सभी वाहनों को नवोदय विद्यालय में एकत्र करने के साथ ही पोलिंग पार्टी रवाना करने के लिए विधानसभावार 18-18 काउंटर बनाए गए हैं।
विज्ञापन

जिले के विधानसभा क्षेत्र जगदीशपुर, गौरीगंज, अमेठी तथा तिलोई में चुनाव के लिए बनाए गए 898 मतदान केंद्र व 1620 बूथों (जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के 30 मतदान केंद्र व 72 बूथ सुल्तानपुर जिले के) पर रविवार सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। इसके लिए 1548 पोलिंग पार्टियों का गठन जिले में तो 72 पोलिंग पार्टी का गठन सुल्तानपुर में करते हुए कार्मिकों को प्रशिक्षित करने का कार्य पूर्ण हो चुका है।
विज्ञापन

सभी पोलिंग पार्टियों में एक पीठासीन अधिकारी व तीन मतदान अधिकारी रखे गए हैं। पोलिंग पार्टियों में शामिल सभी लोगों को शनिवार को पहाड़पुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय पहुंचने को कहा गया है। विद्यालय में बनाए गए मंच पर मौजूद निर्वाचन से जुड़े अधिकारी पोलिंग पार्टियों में शामिल लोगों की हाजिरी दर्ज करने के साथ ही कर्मचारियों को उस बूथ की जानकारी देंगे जहां उन्हें ड्यूटी करनी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

शुक्रवार को जवाहर नवोदय विद्यालय में वाहनों के साथ ही विधानसभावार बनाए गए 18-18 काउंटरों से पीठासीन अफसरों को ईवीएम व अन्य मतदान सामग्री वितरित की जाएगी। विधानसभावार गठित काउंटरों से पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री वितरण के बाद वाहनों से बूथों को रवाना किया जाएगा।
निगरानी करेंगे मजिस्ट्रेट
विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले को 110 सेक्टर व 12 जोन में विभाजित किया गया है। सभी सेक्टर व जोन में मजिस्ट्रेट नामित कर उन्हें सक्रिय रहकर आयोग के निर्देशों को पालन कराने तथा मतदान के दिन केंद्रों की निगरानी रखते हुए जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर सूचना का आदान-प्रदान करने का निर्देश दिया गया है। 20 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की टीमें गठित करते हुए उन्हें भी भ्रमणशील रहकर आदर्श आचार संहिता का पालन कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
973 बूथों की होगी वेबकास्टिंग
डीपीआरओ श्रीकांत यादव ने बताया कि मतदान को निष्पक्ष व शुचिता पूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए 973 बूथों की वेबकास्टिंग कराई जाएगी। बताया कि तिलोई विधानसभा क्षेत्र के 396 बूथों में से 238, जगदीशपुर के 424 में से 254, गौरीगंज के 404 में से 243 व अमेठी के 396 बूथों में से 238 की वेबकास्टिंग व अन्य की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। सभी बूथों पर कैमरा स्थापित करने के साथ ही उसके डीवीआर को कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम से जोड़ दिया गया है। पोलिंग पार्टी के पहुंचने के बाद मतदान समाप्ति तक चिह्नित बूथों के लाइव प्रसारण के साथ इसकी रिकॉर्डेड सीडी आयोग को भेजी जाएगी।
137 वल्नरेबल बूथों पर रहेगा विशेष पहरा
अतिरिक्त मजिस्ट्रेट फाल्गुनी सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने मतदान प्रभावित होने वाले 190 बूथों को चिह्नित कर सुरक्षा का विशेष प्रबंध किया है। तिलोई के 51, जगदीशपुर के 46, गौरीगंज के 42 व अमेठी के 52 बूथ को वल्नरेबल बूथ के रूप में चिह्नित किया है। बूथों पर अर्द्धसैनिक बल लगाने के साथ नियमित निगरानी के लिए 137 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। 20 माइक्रो ऑब्जर्वर रिजर्व में हैं। माइक्रो ऑब्जर्वर मतदान के दिन बूथ पर फोर्स के साथ मौजूद मतदान प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। चिह्नित मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी करने या मतदाताओं को प्रलोभित व भयभीत करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
विधानसभावार ईवीएम का विवरण
निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार चुनाव के लिए जगदीशपुर में 513 बैलेट यूनिट, 516 कंट्रोल यूनिट व 511 वीवी पैट पर रैंडेमाइजेशन के साथ कैंडीडेट के नाम, फोटो व प्रतीक चिन्ह की सेटिंग की जा चुकी है। इसी तरह जगदीशपुर में 550 बैलेट यूनिट, 550 कंट्रोल यूनिट व 558 वीवीपैट, गौरीगंज में 524 बैलेट यूनिट, 525 कंट्रोल यूनिट तथा 518 वीवी पैट तथा अमेठी में 515 बैलेट यूनिट, 515 कंट्रोल यूनिट तथा 530 वीपी पैट मतदान के लिए तैयार किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 549 बैलेट यूनिट व छह कंट्रोल यूनिट रिर्जव में रखी गई हैं।
सीआरपीएफ संभालेगी सुरक्षा व्यवस्था
मतदान को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए चार से कम पोलिंग स्टेशन वाले केंद्र पर आधा सेक्शन तो चार से अधिक पोलिंग बूथ वाले केंद्रों पर एक सेक्शन सीआरपीएफ की तैनाती गई है। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश पुलिस के दरोगा, उपनिरीक्षक, सिपाही, होमगार्ड व चौकीदारों की भी नियुक्ति आयोग के निर्देशानुसार की गई है।
छह बजे से शुरू होगा मॉकपोल
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजकुमार दुबे ने बताया कि सुबह छह बजे से सात बजे तक प्रत्याशी/एजेंटों की मौजूदगी में मॉकपोल कराया जाएगा। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक किया जाएगा। शाम छह बजे तक लाइन में लगे वोटरों को मतदान करने का अवसर दिया जाएगा।
मतदाता ही बन सकेंगे पोलिंग एजेंट
चुनाव आयोग ने मतदान के दिन बूथों पर मतदाता को ही पोलिंग एजेंट बनाने का निर्देश दिया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजकुमार दुबे ने बताया कि सभी पीठासीन अधिकारियों को इस बारे में दिशा निर्देश दे दिया गया है। बाहरी क्षेत्र के व्यक्ति को पोलिंग एजेंट नहीं बनाया जाएगा।
बूथ के बाहर चस्पा रहेंगे 11 विकल्प
एडीएम राजकुमार दुबे ने बताया कि मतदान के दिन बूथ के बाहर मतदाता पहचान पत्र नहीं होने की स्थिति में आयोग की ओर से दिए गए 11 विकल्प की सूची चस्पा रहेगी। मतदान के दिन वोटर आईडी कार्ड नहीं हो पर मतदाता को अपने पास आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक/डाकघर की ओर से जारी फोटो युक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की ओर से जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आरबीआई की ओर से जारी स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटो युक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र व प्रदेश सरकार/लोक उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कंपनियों की ओर से जारी फोटो युक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों/विधायकों/विधान परिषद सदस्यों को जारी किए सरकारी पहचान पत्र के साथ सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी यूनीक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड में एक पहचान पत्र रखना होगा।
रिजर्व रहेगी दो-दो क्यूआरटी
27 फरवरी को मतदान के दौरान किसी भी समस्या से निपटने के लिए सभी थानों पर दो-दो पुलिस मोबाइल टीम के साथ दो-दो क्यूआरटी टीम रिजर्व रहेंगी। इसमें एक पैरा मिलिट्री व एक सिविल पुलिस की टीम रहेगी।
सक्रिय रहेंगे सभी बैरियर
एसपी दिनेश सिंह ने बताया कि मतदान के दिन गड़बड़ी रोकने के लिए जिले के समस्त बैरियर सक्रिय कर दिए गए हैं। बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश को रोकने के लिए जिले के बॉर्डर व जिले के अंदर 38-38 पुलिस बैरियर बनाने गए हैं। सभी बैरियर पर मतदान अवधि के दौरान गुजरने वाले सभी वाहनों की सघन तलाशी का निर्देश दिया गया है। मतदान के दिन सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए गैर जिले से 358 निरीक्षक/उपनिरीक्षक, 2498 सशस्त्र सिपाही, 551 निशस्त्र सिपाही, 2396 होमगार्ड तथा 52 कंपनी व एक प्लाटून अर्द्धसैनिक बल व एक कंपनी व दो प्लाटून पीएसी लगाई गई है। बूथों की सुरक्षा गैर जिलों से आई फोर्स के भरोसे रहेगी।
48 घंटे पहले बंद होंगी शराब दुकानें
जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने मतदान प्रक्रिया शुरू होने के 48 घंटे पहले से जिले की सभी सरकारी व देशी शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश जारी किया है। डीएम के निर्देश पर एसपी ने समस्त एसओ को अपने क्षेत्र की सभी शराब की दुकानों को 25 फरवरी शाम छह बजे से 27 फरवरी शाम सात बजे तक बंद कराने का निर्देश दिया है। निर्धारित अवधि में मादक पदार्थों की दुकानें खोलने की दशा में विक्रेता के साथ संबंधित क्षेत्र के आबकारी निरीक्षक व एसओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

27 को बंद रहेंगे सरकारी व गैर सरकारी प्रतिष्ठान
चुनाव आयोग के निर्देश पर मतदान करने के लिए सरकारी व गैर सरकारी सभी कार्यालयों व प्रतिष्ठानों को बंद रखने का आदेश जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने जारी किया है। कहा है कि 27 फरवरी को सभी कार्यालय व प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed