फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Amethi News ›   98.03 percent voting at 13 centres in Amethi

जिले के 13 केंद्रों पर 98.03 प्रतिशत मतदान

Sat, 09 Apr 2022 10:51 PM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Sat, 09 Apr 2022 10:51 PM IST
विज्ञापन
98.03 percent voting at 13 centres in Amethi
42 : अमेठी : मतदान कर बूथ से वापस आतीं अमेठी विधायक महराजी देवी। -संवाद - फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। सुल्तानपुर-अमेठी विधान परिषद सीट पर शनिवार को हुए चुनाव में जिले के सभी 13 मतदान केंद्रों पर कुल 98.03 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। चुनाव को सकुशल संपन्न कराया जा सके इसके लिए सभी जिला, तहसील व ब्लॉक स्तरीय अफसर दिन भर सक्रिय रहे।
विज्ञापन

शनिवार को होने वाले सुल्तानपुर-अमेठी विधान परिषद सीट पर निर्वाचन के लिए जिले के सभी ब्लॉक परिसर में मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर जिले के कुल 1675 (869 पुरुष व 806 महिला) मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना था। मतदान में कोई बाधा न आए इसके लिए पोलिंग पार्टियां शुक्रवार शाम ही सभी बूथों पर पहुंच गई थीं। शनिवार को सुबह ठीक आठ बजे सभी बूथों पर मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई।
विज्ञापन

मतदान के दौरान अपने कार्यकर्ताओं व वोटर्स का उत्साह बढ़ाने के लिए भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र प्रताप सिंह के अलावा सपा प्रत्याशी शिल्पा प्रजापति व उनके पति अनिल प्रजापति सभी बूथों की दौड़ लगाते रहे। मतदान के दौरान केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने गौरीगंज तो प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने तिलोई स्थित बूथ पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जगदीशपुर विधायक सुरेश पासी ने जगदीशपुर व अमेठी विधायक महराजी प्रजापति ने अमेठी ब्लॉक पर बने बूथ पर पहुंचकर वोट डाला।
विज्ञापन
विज्ञापन

भाजपा एमएलसी व प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने अपने गृह ब्लॉक भेटुआ में बने मतदान केंद्र पर पहुंचकर सुबह सबसे पहले मतदान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने संग्रामपुर में बने मतदान केंद्र में वोट डाला। अमेठी की नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रमा देवी ने अमेठी, गौरीगंज की नगर पालिका अध्यक्ष राजपति देवी ने गौरीगंज, जायस के नगर पालिका अध्यक्ष महेश प्रताप सोनकर ने बहादुरपुर व मुसाफिरखाना के नगर पंचायत अध्यक्ष ने मुसाफिरखाना ब्लॉक में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम चार बजे तक चले मतदान में कुल 1,642 (859 पुरुष (98.85) व 783 महिला (97.15)) मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान का कुल प्रतिशत 98.03 रहा।
कांग्रेस एमएलसी ने नहीं किया मतदान
कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह जिले के शाहगढ़ ब्लॉक के सेवई हेमगढ़ गांव के रहने वाले हैं। सुल्तानपुर-अमेठी विधान परिषद सीट के लिए हो रहे चुनाव में शाहगढ़ बूथ पर पीठासीन अधिकारी के पास मौजूद मतदाता सूची में उनका नाम भी था। लेकिन मतदान समाप्त होने तक दीपक सिंह वोट डालने बूथ पर नहीं पहुंचे। कांग्रेस एमएलसी ने मतदान क्यों नहीं किया इसके बारे में जानकारी लेने के लिए उनसे बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने इस चुनाव में कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा था इसलिए मतदान करने नहीं गए।
किस ब्लॉक में कितने वोटर, कितना मतदान
ब्लॉक - कुल मतदाता - पड़े मत
बाजार शुकुल - 136 - 135
जगदीशपुर - 193 - 188
मुसाफिरखाना - 134 - 131
भादर - 118 - 118
भेटुआ - 100 - 98
संग्रामपुर - 77 - 76
अमेठी - 129 - 128
गौरीगंज - 142 - 140
शाहगढ़ - 79 - 78
जामो - 151 - 150
तिलोई - 141 - 132
सिंहपुर - 159 - 154
बहादुरपुर - 116 - 114
-----------------------------------
योग - 1,675 - 1,642
-----------------------------------
सिर्फ भादर में शत-प्रतिशत मतदान
13 ब्लॉकों में सिर्फ भादर इकलौता ऐसा ब्लॉक रहा जहां शत प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने के बाद प्रशासन की ओर से जारी सूची के अनुसार बाजार शुकुल में 99.26, जगदीशपुर में 97.41, मुसाफिरखाना में 97.76, भेटुआ में 98, संग्रामपुर में 98.70, अमेठी में 99.22, गौरीगंज में 98.59, शाहगढ़ में 98.73, जामो में 99.34, तिलोई में 93.62, सिंहपुर में 96.86 तथा बहादुरपुर में 98.28 प्रतिशत मतदान हुआ। भादर में शत-प्रतिशत तो तिलोई में सबसे कम 93.62 प्रतिशत मतदान हुआ। एमएलसी चुनाव में महिला मतदाताओं की अपेक्षा पुरुष मतदाताओं ने ज्यादा मतदान किया। जिले में 98.85 प्रतिशत परुष तो 97.15 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया।
सपा प्रत्याशी ने लगाया धांधली का आरोप
अमेठी। सुल्तानपुर-अमेठी विधान परिषद सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की पुत्रवधू शिल्पा प्रजापति व उनके पति अनिल प्रजापति ने भाजपा के लोगों पर चुनाव में धांधली किए जाने व प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाया।
शनिवार को एमएलसी चुनाव का मतदान शुरू होने के कुछ ही देर बाद सपा प्रत्याशी शिल्पा व उनके पति अनिल ने एक-एक कर तीन शिकायतें रिटर्निंग ऑफिसर, मुख्य निर्वाचन आयुक्त और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के पास भेजीं। शिकायती पत्र में शिल्पा और उनके पति ने लिखा कि अमेठी ब्लॉक स्थित बूथ संख्या 22 पर बाहुबली अमरेंद्र सिंह पिंटू व डब्बू सिंह भाजपा प्रत्याशी के एजेंट हैं। दोनों एजेंट अपनी सरहंगई के बूते सभी मतदाताओं का मत देखकर जबरदस्ती अपने पक्ष में डलवा रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह से मिला है। ऐसे में निष्पक्ष मतदान संभव नहीं है। शिल्पा ने अफसरों से त्वरित कार्रवाई की मांग भी की। उधर, शिल्पा का पत्र मिलते ही सपा के प्रदेश सचिव व पूर्व सांसद अरविंद कुमार सिंह ने भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र भेजकर मतदान को प्रभावित करने वाले दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने की मांग की। सूचना मिलने के बाद केंद्र पर पहुंचे डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी दिनेश सिंह ने कहा कि सपा के अभिकर्ता ने ही प्रत्याशी के आरोपों को निराधार बताया।
स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को बताया चुनावी हिंदू
गौरीगंज (अमेठी)। सुल्तानपुर-अमेठी विधान परिषद सीट के हो रहे चुनाव में मतदान करने के लिए शनिवार को गौरीगंज पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को चुनावी हिंदू बताया। स्मृति ने संसदीय क्षेत्र की सभी विधानसभा क्षेत्रों में हार व तीन में जमानत जब्त होने को प्रियंका की सक्रियता का नतीजा बताया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सुबह 11:20 पर जिला मुख्यालय के गौरीगंज ब्लॉक परिसर में बनाए गये बूथ पर पहुंचीं। यहां एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर बाहर निकलीं इस दौरान स्मृति ने भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र प्रताप सिंह से अकेले में बात कर चुनाव का हाल-चाल जाना। इसके पहले स्मृति के ब्लॉक गेट के पास पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
अमेठी से ही लड़ेंगी चुनाव
केंद्रीय मंत्री ने स्वयं के रायबरेली से चुनाव लड़ने की अफवाह पर कहा कि वह कहीं नहीं जा रहीं। अमेठी से उनका पारिवारिक रिश्ता है। आठ साल में अमेठी से उन्हें बहुत लगाव हो चुका है। वह अमेठी के लिए ही कार्य करेंगी और अमेठी से ही चुनाव लड़ेंगी।
सांसद ने पहली बार किया मतदान
एमएलसी मतदान में पहली बार अमेठी सांसद ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने के बाद केंद्रीय मंत्री ने कहा मतदान करने के बाद उन्हें सुखद अहसास हो रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एमएलसी चुनाव में पार्टी की जीत के बाद अमेठी में विकास की रफ्तार को गति मिलेगी।

अमेठी के कल्याण की मां से कामना
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नवरात्र की अष्टमी तिथि बहुत महत्वपूर्ण है। अष्टमी तिथि से उनका नाता अमेठी से जुड़ा। अष्टमी को ही पहली बार वे अमेठी आई थीं। वह शक्ति स्वरूपा मां जगदंबा से अमेठी के सभी नागरिकों के सुख, संपन्नता व ऐश्वर्य की कामना करती हैं। कोविड संक्रमण काल में संविदा पर नियुक्त स्टाफ नर्सों का नवीनीकरण 31 मार्च को नहीं हुआ। नवीनीकरण न होने से परेशान स्टाफ नर्सों के एक प्रतिनिधि मंडल ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से गौरीगंज ब्लॉक गेट पर मुलाकात कर मदद मांगी।

39 : गौरीगंज : ब्लॉक परिसर में मतदान करने जातीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी। -संवाद

39 : गौरीगंज : ब्लॉक परिसर में मतदान करने जातीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी। -संवाद- फोटो : AMETHI

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed