सीने पर कुंडली मारे बैठा था सांप, पालतू बिल्ली ने फरिश्ता बन बचाई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीने पर लोट रही मौत को देख उसकी रूह कांप उठी। इस खौफनाक मंजर पर निगाह पड़ते ही परिवारजनों के पैरों तले से जमीन खिसक गई। चारपाई पर लेटे प्रदीप के सीने पर विषैला सर्प बैठा फुफकार रहा था। एक पल के लिए मानों सभी बेजान पुतलों में तब्दील हो गए।
एकाएक बिजली की तेजी से आई पालतू बिल्ली मानो उसके लिए फरिश्ता बन गई। बिल्ली ने प्रदीप के सीने पर बैठे सांप को अपने पंजों में दबोच लिया और देखते ही देखते सांप के टुकड़े-टुकड़े कर दिए।
यह किसी फिल्म का सीन नहीं, बल्कि प्रदीप के साथ होने वाला वह हादसा है, जिसे याद कर अभी भी उसके रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
थाना क्षेत्र के छोटा पतारा मजरा थानापट्टी में रहने वाला प्रदीप उर्फ गलऊ मिश्रा पुत्र छोटकन्नू बीते शुक्रवार को अपने घर में चारपाई पर सो रहा था।
...और इस तरह बिल्ली ने बचा ली जान
सुबह करीब छह बजे फुफकार की आवाज से उसकी आंख खुली तो फिर पलकें झपकना भूल गईं। उसके सीने पर जहरीला सांप कुंडली मारे बैठा था। सांप फन फैलाए फुफकार रहा था।
प्रदीप के परिवारीजनों की नजर इस सांस थमा देने वाले मंजर पर पड़ी तो वह सब भी डर के मारे कांप उठे। किसी की समझ में नहीं आ रहा था कि क्या करें। इसी बीच घर की पालतू बिल्ली प्रदीप के लिए फरिश्ता बनकर आई। बिल्ली ने जमीन से छलांग लगाई और सांप को पंजों में दबोच लिया।
दूसरी छलांग में बिल्ली पंजों में सांप को दबोचकर जमीन पर आ गिरी। जमीन पर गिरते ही बिल्ली ने सांप पर हमला बोलकर उसके टुकड़े-टुकड़े कर दिए।
खतरा टलने के बाद प्रदीप व उसके परिवारीजन बिल्ली को गोद में उठाकर झूमने लगे। यह बेहद हैरानी वाली घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।