EV Charging: ईवी मालिकों के लिए खुशखबरी, इस जगह पर सिर्फ आधे घंटे में लगभग फुल चार्ज हो जाएगी आपकी कार

Suyash Pandey
ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीSuyash Pandey
Fri, 03 Apr 2026 09:27 PM IST
सार

Fast EV Charging Station:

इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) की चार्जिंग में लगने वाले लंबे समय से परेशान लोगों के लिए एक शानदार खबर है। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर (रैपिड रेल) के स्टेशनों पर एक हाई-स्पीड ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू किया गया है। यहां आपकी कार महज 30 मिनट में लगभग फुल चार्ज हो जाएगी। आइए जानते हैं कि कौन-से एप से स्लॉट बुक होगा और किन-किन स्टेशनों पर यह सुविधा मिलेगी।

विज्ञापन
Thirty-Min EV Charging: Fast Chargers Launched at Rapid Rail Stations
ईवी चार्जिंग स्टेशन (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : AI

    विस्तार

    इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चलाने वालों की सबसे बड़ी शिकायत और परेशानी का कारण होता है - पब्लिक चार्जिंग स्टेशन पर लगने वाला लंबा समय। लेकिन, अगर आप दिल्ली-NCR में रहते हैं या अपनी ईवी से दिल्ली आ रहे हैं तो आपके लिए एक बेहद शानदार खबर है। अब आपकी इलेक्ट्रिक कार सिर्फ 30 मिनट में लगभग 80% तक चार्ज हो सकेगी। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर (रैपिड रेल) ने ईवी मालिकों की इस बड़ी परेशानी को दूर करते हुए ग्रीन ट्रांसपोर्ट की दिशा में एक अहम कदम उठाया है।

    आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर बना सबसे बड़ा फास्ट चार्जिंग स्टेशन

    NCRTC (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम) ने आनंद विहार स्टेशन पर दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का सबसे बड़ा फास्ट इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) चार्जिंग स्टेशन शुरू किया है। NCRTC का कहना है कि इस नई और एडवांस फास्ट-चार्जिंग सुविधा से ईवी यूजर्स का सफर अब और भी ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगा। इससे न सिर्फ साफ-सुथरे और ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि इलाके में प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।

    विज्ञापन

    क्या हैं इस नए चार्जिंग स्टेशन की खासियतें?

    इस नए चार्जिंग स्टेशन की खूबियों की बात करें तो यह बेहद पावरफुल है। यहां 480 kW क्षमता की 10 हाई-वोल्टेज चार्जिंग यूनिट्स लगाई गई हैं, जिनकी मदद से एक ही समय में 10 इलेक्ट्रिक कारों को एक साथ हाई-स्पीड पर चार्ज किया जा सकता है। इसकी सुपरफास्ट स्पीड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह एडवांस सिस्टम कारों को महज 30 मिनट में लगभग 80% तक चार्ज करने में पूरी तरह सक्षम है। इतना ही नहीं, आम कारों के अलावा यहां भारी कमर्शियल इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने के लिए भी अलग से चार्जिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जिससे हर तरह के ईवी मालिकों को फायदा मिलेगा।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    कैसे करें इस चार्जिंग सुविधा का इस्तेमाल?

    यहां गाड़ी चार्ज करने का पूरा प्रोसेस पूरी तरह से डिजिटल और बेहद आसान है। इस सुविधा का फायदा उठाने के लिए यूजर्स को सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर से 'ElectreeFi' मोबाइल एप डाउनलोड करके उस पर रजिस्टर करना होगा। इसके बाद, आप अपनी जरूरत और सुविधा के हिसाब से किसी भी नमो भारत स्टेशन पर ऑनलाइन चार्जिंग स्लॉट बुक कर सकते हैं। स्लॉट की बुकिंग कंफर्म होने के बाद, आपको बस स्टेशन पहुंचना है जहां आप मिनटों में अपनी गाड़ी को चार्ज कर सकते हैं। इतना ही नहीं, यह स्मार्ट एप आपको रियल-टाइम में अपनी गाड़ी की चार्जिंग का स्टेटस (लाइव ट्रैकिंग) देखने और बिना किसी झंझट के सुरक्षित तरीके से ऑनलाइन पेमेंट करने की सुविधा भी देता है।

    इन 8 स्टेशनों पर भी उपलब्ध है यह सुविधा

    आनंद विहार में इस नए चार्जिंग स्टेशन की शुरुआत के साथ ही, अब इस पूरे कॉरिडोर के कुल आठ स्टेशनों पर ईवी (ईवी) चार्जिंग सर्विस उपलब्ध हो गई है। इस शानदार सुविधा का लाभ अब आनंद विहार के अलावा साहिबाबाद, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ और मेरठ साउथ स्टेशनों पर भी उठाया जा सकता है। यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इन सभी जगहों पर फास्ट और स्टैंडर्ड, दोनों ही तरह के चार्जिंग स्टेशन लगाए गए हैं।

    ईवी खरीदने वालों को मिलेगा बढ़ावा

    यह चार्जिंग स्टेशन सिर्फ नमो भारत से सफर करने वाले यात्रियों के लिए ही नहीं, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी एक बड़ी राहत है। जो लोग चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी के कारण इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदने से हिचकिचा रहे थे, उन्हें भी अब ईवी अपनाने का भरोसा मिलेगा। NCRTC इस कॉरिडोर के अन्य स्टेशनों पर भी चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार करने की योजना बना रहा है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें