रिलायंस इंडस्ट्रीज को गत साल रिकॉर्ड शुद्ध लाभ, JIO की रही अहम भूमिका

रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शुक्रवार को गत कारोबारी साल के लिए अपने कारोबारी नतीजे की घोषणा में कहा कि 2017-18 में उसे रिकॉर्ड 36,075 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ।
एक साल पहले के मुकाबले यह 20.6 फीसदी अधिक है। इसके साथ ही कंपनी ने जनवरी-मार्च तिमाही के भी नतीजे घोषित किए।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि जबरदस्त पेट्रोकेमिकल मार्जिन और जियो को हुए लाभ की बदौलत जनवरी-मार्च तिमाही में उसका शुद्ध लाभ साल-दर-साल आधार पर 17.3 फीसदी बढ़कर 9,435 करोड़ रुपये या प्रति शेयर 15.9 रुपये रहा।
एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 8,046 करोड़ रुपये या प्रति शेयर 13.6 रुपये रहा था। अक्तूबर-दिसंबर 2017 तिमाही के मुकाबले हालांकि कंपनी का शुद्ध लाभ महज 0.1 फीसदी बढ़ा है।