Must Have Apps: हर किसी के फोन में होने चाहिए ये 5 सरकारी एप्स, मिनटों में निपटेंगे कई जरूरी काम!

Suyash Pandey
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीेSuyash Pandey
Sun, 28 Jun 2026 07:05 PM IST
सार

Every Indian Should Install These 5 Government Apps:

आज के डिजिटल दौर में कई सरकारी सेवाएं सीधे स्मार्टफोन पर उपलब्ध हैं। सरकारी एप्स की मदद से आप डिजिटल डॉक्यूमेंट्स सुरक्षित रख सकते हैं, यूपीआई पेमेंट कर सकते हैं, सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं और ड्राइविंग लाइसेंस व आरसी जैसे जरूरी दस्तावेज हमेशा अपने फोन में रख सकते हैं। ये 5 एप्स हर भारतीय स्मार्टफोन यूजर के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकते हैं।

Top 5 Government Apps Every Indian Should Install on Their Phone Today
ये 5 सरकारी एप्स बना देंगे आपकी जिंदगी आसान - फोटो : एआई

    विस्तार

    आज के डिजिटल दौर में हमारा स्मार्टफोन सिर्फ कॉल या मैसेज करने का साधन नहीं रहा, बल्कि यह हमारी डिजिटल पहचान बन चुका है। भारत सरकार ने आम लोगों की सुविधा के लिए कई ऐसे मोबाइल एप्स लॉन्च किए हैं, जो आपके कई जरूरी कामों को मिनटों में निपटा सकते हैं। अगर आपके फोन में ये 5 जरूरी सरकारी एप्स इंस्टॉल हैं, तो आपको अपने साथ ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्स लेकर घूमने की कोई झंझट नहीं होगी। आइए जानते हैं इन एप्स के बारे में:

    डिजिलॉकर एप

    यह एप आपके स्मार्टफोन में एक सुरक्षित डिजिटल लॉकर की तरह काम करता है।

    • क्या काम आता है:इसमें आप अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और स्कूल-कॉलेज की मार्कशीट जैसे जरूरी डॉक्युमेंट्स सुरक्षित रख सकते हैं।
    • फायदा:इस एप में सेव किए गए डॉक्युमेंट्स हर जगह कानूनी रूप से पूरी तरह मान्य होते हैं। यानी ओरिजिनल कॉपी गुम होने का कोई डर नहीं।

    उमंग एप

    अगर आप अलग-अलग कामों के लिए अलग-अलग एप नहीं रखना चाहते, तो यह एप आपके लिए है।

    • क्या काम आता है:पीएफ का पैसा चेक करना हो, पेंशन की जानकारी लेनी हो, पानी-बिजली का बिल भरना हो या गैस सिलेंडर बुक करना हो।
    • फायदा:केंद्र और राज्य सरकार की सैकड़ों सुविधाएं आपको इसी एक एप में मिल जाती हैं।

    भीम (BHIM) एप

    ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के लिए यह भारत सरकार का अपना आधिकारिक और बेहद सुरक्षित यूपीआई एप है।

    • क्या काम आता है:इसके जरिए आप किसी भी बैंक खाते में तुरंत पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं, दुकानों पर QR कोड स्कैन करके पेमेंट कर सकते हैं और अपने सारे बिल भर सकते हैं।
    • फायदा:यह इस्तेमाल करने में बहुत आसान, फास्ट और पूरी तरह सुरक्षित है।

    एम-आधार (mAadhaar) एप

    आधार से जुड़े छोटे-मोटे कामों के लिए अब आपको साइबर कैफे जाने की जरूरत नहीं है।

    • क्या काम आता है:इस एप में आप अपना आधार कार्ड डिजिटल फॉर्म में डाउनलोड करके रख सकते हैं।
    • फायदा:आप इसके जरिए अपनी वर्चुअल आईडी बना सकते हैं और सबसे बड़ी बात सुरक्षा के लिए आप अपने बायोमेट्रिक्स को खुद लॉक या अनलॉक कर सकते हैं।

    एम-परिवहन (mParivahan) एप

    अगर आपके पास बाइक या कार है, तो यह एप आपके फोन में होना ही चाहिए।

    • क्या काम आता है:इसमें आप अपनी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) और अपना ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) डिजिटली सेव कर सकते हैं।
    • फायदा:ट्रैफिक पुलिस के मांगने पर आप सीधे इस एप से अपने डॉक्युमेंट्स दिखा सकते हैं, आपको कोई फिजिकल पेपर दिखाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

    ये पांचों एप्स पूरी तरह से सुरक्षित हैं और गूगल प्ले स्टर या एपल एप स्टोर पर बिल्कुल फ्री में उपलब्ध हैं। अगर आपने अभी तक इन्हें इस्तेमाल करना शुरू नहीं किया है, तो आज ही डाउनलोड करें और अपनी लाइफ को थोड़ा और स्मार्ट बनाएं।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें