पाकिस्तान में भी बैन हुआ TikTok, कहा- बर्बाद हो रही संस्कृति

भारत में बैन के बाद पाकिस्तान में भी चाइनीज शॉर्ट वीडियो एप टिकटॉक को बैन कर दिया गया है। पाकिस्तानी सरकार ने TikTok को संस्कृति के लिए खतरा बताया है। पाकिस्तान की ओर से टिकटॉक पर प्रतिबंध को लेकर जारी किए बयान में कहा गया है कि TikTok से अश्लीलता फैल रही है। बता दें कि चीन और पाकिस्तानी की दोस्ती जगजाहिर है, बावजूद इसके पाकिस्तान ने यह फैसला लिया है।
बता दें कि इस प्रतिबंध से पहले कई बार टिकटॉक को पाकिस्तानी टेलीकॉम विभाग ने अश्लील कंटेंट को लेकर चेतावनी दी थी, लेकिन बाइटडांस ने एक न सुनी जिसके बाद प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया। वहीं विभाग ने यह भी कहा है कि यदि टिकटॉक कंटेंट को मॉडरेट करता है तो वह अपने फैसले पर विचार करेगा।
डाटा सिक्योरिटी नहीं, अश्लीलता की वजह से लगा प्रतिबंध
भारत में जहां टिकटॉक पर बैन डाटा सिक्योरिटी को लेकर लगा है, वहीं पाकिस्तानी सूचना मंत्री शिबली फराज के मुताबिक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने टिकटॉक के अश्लील कंटेंट को लेकर 15 बार बात कर चुके हैं लेकिन बाइटडांस ने इस बातचीत को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। इमरान को टिकटॉक से डाटा सिक्योरिटी नहीं, बल्कि अश्लीलता को लेकर दिक्कत थी जिसके बाद से वे बैन पर लंबे समय से विचार कर रहे थे।