फ्री में एक्सेस कर सकेंगे OTT के प्रीमियम कंटेंट, बड़े काम का है यह एप
SugarBox एक भारतीय स्टार्टअप है जो फिलहाल डिजिटल इंडिया के साथ काम कर रहा है। SugarBox का मकसद देश के उन ग्रामीण इलाकों में भी लोगों को प्रीमियम एंटरटेनमेंट कंटेंट मुफ्त में मुहैया कराना और लोगों को डिजिटल रूप से साक्षर बनाना है।

विस्तार
2016 में जियो के आने से बाद से देश में इंटरनेट डाटा की खपत बेतहाशा बढ़ी है। शुरुआत में तो लोगों को फ्री डाटा मिला लेकिन अब डाटा महंगे हो गए हैं। ऐसे में यदि कोई आपको फ्री में अनलिमिटेड फिल्में और शोज को डाउनलोड करने का ऑफर दे तो आपको मजाक लगेगा, लेकिन यह सच है। जी हां हम बात कर रहे हैं एक ऐसे स्टार्टअप की जो लोगों को मुफ्त में अनलिमिटेड प्रीमियम फिल्में और शोज डाउनलोड करने और देखने का मौका दे रहा है। इस भारतीय स्टार्टअप का नाम SugarBox है। आइए समझने की कोशिश करते हैं कि SugarBox के जरिए आप बिना इंटरनेट इस्तेमाल किए फिल्में देख सकते हैं और शॉपिंग भी कर सकते हैं।
क्या है SugarBox और क्या है इस कंपनी का उद्देश्य?

SugarBox एक भारतीय स्टार्टअप है जो फिलहाल डिजिटल इंडिया के साथ काम कर रहा है। SugarBox का मकसद देश के उन ग्रामीण इलाकों में भी लोगों को प्रीमियम एंटरटेनमेंट कंटेंट मुफ्त में मुहैया कराना और लोगो को डिजिटल रूप से साक्षर बनाना है। कंपनी के बयान के मुताबिक SugarBox फिलहाल देश के 250 से सेंटर्स पर अपनी सेवाएं दे रहा है। SugarBox देश का पहला ऐसा स्टार्टअप है जो इस तरह की सर्विस दे रहा है।
कंपनी फिलहाल उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और उत्तराखंड में 250 से अधिक ग्राम पंचायतों में सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) पर अपनी सेवा दे रही है। जल्द ही राजस्थान और हिमाचल प्रदेश राज्यों में भी इसे शुरू किया जाएगा। शुगरबॉक्स नेटवर्क पर ओटीटी, डी2सी ई-कॉमर्स, फिनटेक जैसे कंटेंट फिलहाल मौजूद हैं और जल्द ही पॉडकास्ट और स्थानीय समाचार अपडेट जैसी ऑडियो सेवाएं शुरू होने वाली हैं। हाल ही में कंपनी ने प्रयागराज के बिलारी में अपनी सेवा शुरू की है।
शुगरबॉक्स नेटवर्क के सह-संस्थापक रोहित पंराजपे ने अमर उजाला से खास बातचीत में बताया, "डिजिटल अर्थव्यवस्था का निर्माण किसी राष्ट्र के समावेशी विकास के प्रमुख तत्वों में से एक है। यह डिजिटल गैप को पाटने में मदद कर सकती है। सीएससी के साथ हमारी साझेदारी भारत के गांवों को मुफ्त में डिजिटल कनेक्टिविटी तक विश्वसनीय पहुंच से लैस करने का एक प्रयास है। साथ ही यह सुनिश्चित करना कि जब शिक्षा की बात आए तो बच्चों को डिजिटल सहायता के लिए संघर्ष नहीं करना पड़े है या ऑनलाइन भुगतान करने के लिए कमाने वालों के लिए विकल्प उपल्बध करना, या ग्रामीणों को प्रासंगिक सरकारी सेवाओं के बारे में सूचित करना - यह सब और बहुत कुछ है जिसे हम बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं हमारे देश के लिए। यह भविष्य के इंटरनेट की रीढ़ बनाने और डिजिटल मिशन में हमारे योगदान की दिशा में सिर्फ शुरुआत है।"
कैसे करें SugarBox का इस्तेमाल?

सबसे पहले आपको बता दें कि SugarBox एप का इस्तेमाल आप सिर्फ उन्हीं सीएसी सेंटर पर कर सकते हैं जहां इसे इंस्टॉल किया गया है। दरअसल SugarBox का राउटर सीएससी सेंटर पर लगाया जा रहा है जिसके जरिए 100 मीटर के दायरे में लोगों की इसकी सेवा मिल रही है। SugarBox का राउटर भी किसी वाई-फाई राउटर की तरह ही काम करता है। सबसे पहले आपको SugarBox एप को गूगल प्ले-स्टोर या एपल के एप स्टोर से डाउनलोड करना है और उसके बाद अपने फोन के वाई-फाई से SugarBox के वाई-फाई को कनेक्ट करना है।
इसके बाद आप SugarBox के एप में बिना अटके हुए एचडी क्वॉलिटी में फिल्में देख सकते हैं और शॉपिंग भी कर सकते हैं। फिलहाल SugarBox पर Zee5 एप के तमाम कंटेंट मिलेंगे। कुछ प्रीमियम शोज और फिल्में भी आप देख सकेंगे। आप फिल्मों को SugarBox के नेटवर्क के रेंज में रहते हुए एप में डाउनलोड कर सकते हैं और कभी भी, कहीं भी ऑफलाइन देख सकते हैं। SugarBox एप पर आप ऑनलाइन पढ़ाई भी कर सकते हैं और नोट्स बना सकते हैं। यदि आप भी अपने गांव के किसी सीएससी सेंटर पर SugarBox को इंस्टॉल करवना चाहते हैं तो कंपनी की वेबसाइट पर जाकर संपर्क कर सकते हैं।