WhatsApp Chat Passkey: व्हाट्सएप चैट्स और यादें कभी नहीं होंगी डिलीट, ऐसे सेट करें 'पासकी' एन्क्रिप्टेड बैकअप

Suyash Pandey
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीSuyash Pandey
Thu, 19 Mar 2026 01:43 PM IST
सार

WhatsApp Passkey Encrypted Backup Guide:

अक्सर फोन खराब होने या चोरी होने पर हमारी वर्षों की व्हाट्सएप चैट्स और जरूरी यादें पल भर में डिलीट हो जाती हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। इस लेख के जरिए हम बताएंगे कि आप कैसे पासकी का इस्तेमाल करके अपने व्हाट्सएप बैकअप को एन्क्रिप्ट और सुरक्षित कर सकते हैं। इसके लिए आपको कोई लंबा पासवर्ड याद रखने की जरूरत नहीं है, बस आपका फिंगरप्रिंट या फेस अनलॉक ही काफी है।

How to Secure WhatsApp Chats with Passkey-Encrypted Backup: Step-by-Step Guide
व्हाट्सएप पासकी-एन्क्रिप्टेड बैकअप - फोटो : व्हाट्सएप

    विस्तार

    क्या आपने कभी सोचा है कि अगर एक ही झटके में आपकी वर्षों पुरानी व्हाट्सएप चैट्स, फोटोज और वॉइस नोट्स डिलीट हो जाएं तो कैसा लगेगा? यह सच में एक डरावना अनुभव हो सकता है, खासकर तब जब आपके पास कोई बैकअप न हो। हम सभी अपनी कीमती यादों और जरूरी बातों को हमेशा अपने पास सहेज कर रखना चाहते हैं। ऐसे में अपने व्हाट्सएप डेटा को सुरक्षित रखना बहुत जरूरी है। इसके लिए सबसे बेहतरीन और आसान तरीका है- पासकी-एन्क्रिप्टेड बैकअप। इससे आपका डेटा न सिर्फ प्राइवेट रहता है, बल्कि जरूरत पड़ने पर उसे रिकवर करना भी बेहद आसान हो जाता है। आइए जानते हैं कि ये कैसे काम करता है।

    पासकी क्या है?

    आसान भाषा में कहें तो पासकी एक ऐसा सिक्योरिटी टूल है जिससे आपको अपनी चैट्स सुरक्षित रखने के लिए लंबे-चौड़े पासवर्ड या 64-डिजिट की याद रखने की जरूरत नहीं पड़ती। आप सिर्फ अपने फिंगरप्रिंट या फेस अनलॉक की मदद से अपने बैकअप को सुरक्षित रख सकते हैं। एंड्रॉयड फोन में यह पासकी 'गूगल पासवर्ड मैनेजर' में सुरक्षित रहती है। इसका मतलब है कि आपके अलावा कोई भी आपके चैट बैकअप तक नहीं पहुंच सकता।

    पासकी इस्तेमाल करने के लिए जरूरी शर्तें

    इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए आपके स्मार्टफोन को कुछ बुनियादी शर्तें पूरी करनी होंगी। सबसे पहले, आपका फोन एंड्रॉयड 9 या उसके बाद के वर्जन पर काम कर रहा हो। इसके साथ ही, फोन में मौजूद गूगल मोबाइल सर्विसेज का वर्जन 241217000 या उससे ऊपर अपडेटेड होना चाहिए। और सबसे जरूरी बात, सुरक्षा के लिहाज से आपके फोन में पहले से ही कोई स्क्रीन लॉक- जैसे पिन, पैटर्न या पासवर्ड लगा होना अनिवार्य है।

    व्हाट्सएप पर पासकी बैकअप कैसे ऑन करें? (स्टेप-बाय-स्टेप गाइड)

    इस फीचर को चालू करना बहुत आसान है। बस इन स्टेप्स को फॉलो करें:

    सबसे पहले अपने फोन में व्हाट्सएप की सेटिंग्स खोलें।

    चैट्स पर टैप करें और फिर चैट बैकअप के विकल्प पर जाएं।

    यहां एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड बैकअप पर क्लिक करें।

    अब टर्न ऑन (चालू करें) के बटन पर टैप करें।

    स्क्रीन पर आ रहे निर्देशों का पालन करते हुए अपनी पासकी बनाएं। (नोट: अगर आप चाहें तो यहीं से पासवर्ड या 64-डिजिट की (Key) का पुराना विकल्प भी चुन सकते हैं)।

    अब आपका काम हो गया। जैसे ही यह फीचर ऑन होगा, आपका बैकअप क्लाउड में पूरी तरह सुरक्षित हो जाएगा।

    पुराने पासवर्ड से पासकी पर कैसे स्विच करें?

    अगर आप अपने बैकअप के लिए पहले से ही कोई पासवर्ड या 64-डिजिट की इस्तेमाल कर रहे हैं, तो पासकी पर आने के लिए आपको पहले पुराना एन्क्रिप्शन बंद करना होगा। पहले उसे 'टर्न ऑन' करें और फिर ऊपर बताए गए स्टेप्स को फॉलो करके पासकी के साथ उसे दोबारा चालू कर लें।

    एन्क्रिप्टेड बैकअप को बंद कैसे करें?

    अगर आप कभी इस एन्क्रिप्टेड सुरक्षा को हटाना चाहें तो यह भी आसानी से किया जा सकता है। इसके लिए आपको बस अपने व्हाट्सएप की सेटिंग्स में जाकर चैट्स सेक्शन खोलना होगा और वहां चैट बैकअप पर जाना होगा। इसके बाद एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड बैकअप विकल्प पर टैप करें। अंत में, बस टर्न ऑफ पर क्लिक करें और स्क्रीन पर आ रहे निर्देशों का पालन करते हुए इसे कंफर्म कर दें।

    सबसे जरूरी बात

    अगर आप अपनी पासकी, पासवर्ड या एन्क्रिप्शन की भूल जाते हैं या खो देते हैं तो आप अपना बैकअप कभी भी रिस्टोर नहीं कर पाएंगे। व्हाट्सएप या कोई भी एप आपकी तरफ से इस पासवर्ड को न तो रिकवर कर सकता है और न ही रीसेट कर सकता है। इसलिए इसे हमेशा अपने फोन में सुरक्षित रखें।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें