CRED से WhatsApp तक: कुणाल शाह को मिली दुनिया की सबसे बड़ी चैटिंग एप की कमान, व्हाट्सएप के ग्लोबल हेड नियुक्त
Kunal Shah Appointed Global Head of WhatsApp:
CRED के संस्थापक कुणाल शाह को मेटा ने व्हाट्सएप का नया ग्लोबल हेड नियुक्त किया है। वह विल कैथकार्ट की जगह लेंगे, जिन्होंने 2019 से लगातार व्हाट्सएप का नेतृत्व किया है।

विस्तार
व्हाट्सएप की पैरेंट कंपनी मेटा ने एक बहुत बड़ा एलान किया है। भारत की मशहूर फिनटेक कंपनी क्रेड (CRED) के फाउंडर कुणाल शाह अब पूरी दुनिया में व्हाट्सएप की कमान संभालेंगे। वे पूर्व ग्लोबल हेड विल कैथकार्ट की जगह लेंगे।
क्रेड के फाउंडर कुणाल शाह को व्हाट्सएप का नया ग्लोबल हेड बनाया जा रहा है। वह विल कैथकार्ट की जगह लेंगे, जो साल 2019 से दुनिया के इस सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म को लीड कर रहे थे।
व्हाट्सएप अब सिर्फ चैटिंग एप नहीं रहा
आज के समय में व्हाट्सएप का दायरा काफी बढ़ गया है। दुनिया भर में इसके 300 करोड़ से ज्यादा एक्टिव यूजर्स हैं। अब यह प्लेटफॉर्म सिर्फ मैसेज भेजने तक सीमित नहीं है, बल्कि पेमेंट, बिजनेस मैसेजिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े फीचर्स के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। मेटा का मानना है कि कुणाल शाह का एक बेहतरीन प्रोडक्ट बनाने और कंपनी खड़ी करने का तजुर्बा, व्हाट्सएप के इस नए सफर के लिए अच्छा रहेगा।
कुणाल शाह को ही क्यों चुना गया?
मेटा के मुताबिक, कुणाल शाह को इस बात की गहरी समझ है कि लोग अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में व्हाट्सएप का इस्तेमाल कैसे करते हैं। उनके आने से कंपनी को एक नया नजरिया मिलेगा।
भारत व्हाट्सएप का सबसे बड़ा बाजार है और कंपनी के लिए बिजनेस मैसेजिंग व पेमेंट सेक्टर में ग्रोथ के लिए भारत सबसे अहम है। ऐसे में एक भारतीय उद्यमी का इस पद पर आना कंपनी की भविष्य की योजनाओं के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है।