BGMI Lite का प्री-रजिस्ट्रेशन हुआ शुरू: सस्ते स्मार्टफोन्स में भी बिना अटके चलेगा गेम, कब होगा लॉन्च?
बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया के दीवानों के लिए बड़ी खबर है। कम स्टोरेज वाले स्मार्टफोन्स के लिए खास तौर पर डिजाइन किए गए BGMI Lite का प्री-रजिस्ट्रेशन Android यूजर्स के लिए Google Play Store पर शुरू हो गया है। जानिए गेम के लिए कैसे कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन...

विस्तार
मोबाइल गेमिंग के शौकीनों का लंबा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। अगर आपके स्मार्टफोन में स्टोरेज कम है या रैम की कमी के चलते आप भारी-भरकम गेम्स का मजा नहीं ले पाते हैं, तो अब निराश होने की जरूरत नहीं है। गेमिंग की दुनिया में तहलका मचाने वाले लोकप्रिय गेम बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया का हल्का वर्जन यानी BGMI Lite जल्द ही दस्तक देने वाला है। Android यूजर्स के लिए इसका प्री-रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर दिया गया है।
एंट्री लेवल फोन्स में आसानी से चलेगा गेम
भारत में Android स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले गेमर्स अब Google Play Store पर जाकर इस गेम के लिए आसानी से अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। हालांकि, Krafton India ने अभी तक इसके आधिकारिक लॉन्च की तारीख से पर्दा नहीं उठाया है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि इस साल के अंत तक यह गेम बाजार में आ जाएगा। खास बात यह है कि इसका शुरुआती डाउनलोड साइज मात्र 1 जीबी के आसपास रहने वाला है। रेगुलर गेम के मुकाबले यह काफी कम है, जिससे कम बजट और कम स्टोरेज वाले डिवाइस में भी यह बिना रुके और बिल्कुल स्मूथ चलेगा।
iPhone यूजर्स को करना होगा इंतजार
पुराने खिलाड़ियों के लिए भी कंपनी ने एक राहत भरी खबर दी है। Krafton India के अनुसार, जो यूजर्स पहले से असली गेम खेल रहे हैं, उन्हें लाइट वर्जन के लिए नया अकाउंट बनाने की कोई जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि, आपके पुराने गेम आइटम्स और प्रोग्रेस इस नए वर्जन में कैसे ट्रांसफर होंगे, इसे लेकर अभी पूरी तस्वीर साफ नहीं की गई है। वहीं, iPhone इस्तेमाल करने वाले गेमर्स को फिलहाल थोड़ा और इंतजार करना होगा, क्योंकि iOS प्लेटफॉर्म के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू होने की कोई जानकारी अभी साझा नहीं की गई है।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
अगर आप भी इस गेम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, तो इसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया बेहद आसान है। सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में Google Play Store एप को ओपन करें और सर्च बार में BGMI Lite टाइप करें। सर्च रिजल्ट में दिखने वाली आधिकारिक लिस्टिंग को ही खोलें। पब्लिशर की सही जानकारी जांचने के बाद वहां दिख रहे प्री-रजिस्ट्रेशन बटन पर टैप कर दें। इसके बाद स्क्रीन पर आने वाले निर्देशों का पालन करें। आपको ऑटोमैटिक इंस्टॉलेशन का विकल्प भी मिलेगा, जिसे चालू करने पर गेम के लॉन्च होते ही वह आपके फोन में खुद-ब-खुद डाउनलोड हो जाएगा। यदि आप इसे खुद इंस्टॉल करना चाहते हैं, तो अपनी सुविधानुसार इस विकल्प को बंद भी रख सकते हैं।
- AI: एआई निकला सबसे बड़ा चापलूस! आपकी हर बेतुकी बात में मिलाता है सुर, MIT की रिसर्च में चौंकाने वाला खुलासा
- Instagram Tips: इंस्टाग्राम पर नहीं आ रहे व्यूज? जान लें पोस्ट और रील अपलोड करने का सबसे सही समय
- 'मुझसे गलती हुई...': OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने माना, जानिए एआई को लेकर क्यों फेल हुई उनकी भविष्यवाणी?
- Rakhi Tech Gifts: मिठाई और कपड़ों का जमाना हुआ पुराना! इस रक्षाबंधन अपने भाई-बहन को दें ये 'ट्रेंडी गैजेट्स'