Zoho: WhatsApp को टक्कर देने की तैयारी में Arattai, ग्रुप चैट में जोड़ा Polls फीचर; जनवरी में आएंगे बड़े अपडेट

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Mon, 29 Dec 2025 04:14 PM IST
सार

भारतीय मैसेजिंग ऐप Arattai ने WhatsApp जैसे प्लेटफॉर्म्स को चुनौती देने की दिशा में नया कदम उठाया है। ऐप में Polls फीचर जोड़ा गया है, जिससे ग्रुप चैट में फैसले लेना आसान होगा। Zoho के सह-संस्थापक श्रीधर वेम्बू ने जनवरी में बड़े अपडेट्स के संकेत दिए हैं।

arattai new polls feature whatsapp competition india
Arattai मैसेजिंग एप - फोटो : Arattai

    विस्तार

    भारतीय मैसेजिंग एप Arattai ने अपने प्लेटफॉर्म में नया Polls फीचर जोड़ दिया है। इस फीचर की मदद से यूजर्स अब ग्रुप चैट के अंदर ही पोल बना सकते हैं। यूजर सवाल लिख सकता है, विकल्प जोड़ सकता है और ग्रुप के बाकी सदस्य सिर्फ एक टैप में अपना वोट दे सकते हैं। इस फीचर का मकसद लंबी-लंबी चैट्स को कम करना और बातचीत को ज्यादा साफ व आसान बनाना है। अब किसी फैसले के लिए दर्जनों मैसेज पढ़ने की जरूरत नहीं होगी।

    ग्रुप चैट में फैसले लेना होगा आसान

    Polls फीचर खासतौर पर ग्रुप चैट्स के लिए उपयोगी है, जहां अक्सर मीटिंग टाइम, घूमने की प्लानिंग या किसी विकल्प को चुनने को लेकर बहस होती रहती है। अब हर सदस्य सीधे वोट कर सकता है और रिजल्ट तुरंत सभी को दिखाई देगा। इस छोटे से अपडेट से ग्रुप बातचीत ज्यादा ऑर्गनाइज्ड होगी और कन्फ्यूजन भी कम होगा।

    जनवरी में आ सकते हैं बड़े अपडेट्स

    Arattai की टीम ने साफ किया है कि Polls फीचर सिर्फ शुरुआत है। Zoho के को-फाउंडर श्रीधर वेम्बू के मुताबिक, जनवरी महीने में एप के लिए और भी बड़े अपडेट्स की योजना बनाई गई है। हालांकि, इन फीचर्स को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। कंपनी का फोकस अभी प्रमोशन से ज्यादा फीचर्स को बेहतर बनाने पर है, ताकि ज्यादा यूजर्स तक पहुंचने से पहले ऐप स्मूथ और भरोसेमंद बन सके।

    भारतीय विकल्प के तौर पर बढ़ता Arattai

    Arattai को ग्लोबल मैसेजिंग एप्स के भारतीय विकल्प के रूप में लॉन्च किया गया था। समय के साथ इसमें मैसेजिंग, वॉयस कॉल और वीडियो कॉल जैसे बेसिक फीचर्स जोड़े गए हैं। हालांकि WhatsApp जैसे बड़े प्लेटफॉर्म्स के बीच अपनी जगह बनाना आसान नहीं है, लेकिन लगातार मिलने वाले अपडेट्स दिखाते हैं कि Arattai लगातार खुद को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहा है।

    आगे क्या उम्मीद करें यूजर्स?

    Polls फीचर और आने वाले अपडेट्स के साथ Arattai रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए खुद को मजबूत करने में लगा है। भले ही रास्ता लंबा हो, लेकिन ये बदलाव बताते हैं कि कंपनी एक भरोसेमंद मैसेजिंग प्लेटफॉर्म बनाने को लेकर गंभीर है।

    WhatsApp Channels में भी आने वाला है नया फीचर

    इसी बीच WhatsApp भी अपने Channels फीचर में नया अपडेट लाने की तैयारी कर रहा है। WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp एक नया Channel Quiz फीचर टेस्ट कर रहा है। इसके जरिए चैनल एडमिन्स क्विज स्टाइल पोस्ट शेयर कर सकेंगे।

    यूजर्स मल्टीपल ऑप्शन में से जवाब चुन सकेंगे और तुरंत देख पाएंगे कि उनका जवाब सही है या गलत। पहले यह फीचर सीमित यूजर्स के लिए था, लेकिन अब Android और iOS के लेटेस्ट बीटा वर्जन में इसे ज्यादा लोगों के लिए टेस्ट किया जा रहा है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें