Xplore Lifestyle ने लॉन्च की मेडिकल सर्टिफिकेशन वाली दुनिया की पहली स्मार्टवॉच
यह मेडिकल डिवाइस कोई भी असामान्य/अनियमित हृदय की धड़कन विशेष रूप से अट्रियल फिब्रिलेशन (AFib) और सामान्य हृदय की धड़कन पहचानने में सक्षम है।

विस्तार
Xplore Lifestyle ने इस्रायल की एक कंपनी की साझेदारी में अनियमित हार्ट रेट मॉनिटर करने वाली स्मार्टवॉच की लॉन्चिंग की घोषणा की है। कंपनी के दावा के मुताबिक यह दुनिया की पहली ऐसी स्मार्टवॉच होगी जिसे हार्ट रेट मॉनिटर करने के लिए मेडिकल सर्टिफिकेशन मिला है। इस स्मार्टवॉच का नाम CardiacSense रखा गया है। यह डिवाइस यूरोपीय यूनियन MDR और CE 2797 द्वारा मेडिकल रूप से मान्यता प्राप्त और प्रमाणित है।
CardiacSense ने ट्रायल्स के दौरान सभी मानकों पर कुल यूएस एफडीए सेट थ्रेसहोल्ड को पास कर लिया है। डिवाइस में यूएस एफडीए-अनिवार्य 2% की लिमिट के मुकाबले 0.6% फाल्स डिटेक्शन रेट (एफडीआर) है और यह 99% से ज्यादा सटीक रिजल्ट प्रदान करती है। CardiacSense में पेटेंट, नोवेल बायो-सेंसिंग ऑप्टो-मैकेनिकल सेंसर हैं जो एडवांस आर्टिफैक्ट सेंसर के कॉम्बिनेशन में दिल की एक-एक धड़कन की निगरानी करता है।
यह मेडिकल डिवाइस कोई भी असामान्य/अनियमित हृदय की धड़कन विशेष रूप से अट्रियल फिब्रिलेशन (AFib) और सामान्य हृदय की धड़कन पहचानने में सक्षम है। अट्रियल फिब्रिलेशन (AFib) एक जानलेवा एरीथमिया है। इस तरह का एरीथमिया सबसे खतरनाक होता है। इससे पूरी दुनिया में लगभग 70% स्ट्रोक की घटनाएं होती हैं।
हाई ब्लड प्रेशर, क्रॉनिक हार्ट फेल्योर (CHF), सीओपीडी और स्लीप एपनिया जैसी क्रॉनिक बीमारियों से ग्रसित मरीजों की लगातार निगरानी भी इस डिवाइस के जरिये की जा सकती है। डॉक्टर अपने क्निलीक से रिमोटली मरीजों का ईसीजी टेस्ट कर सकते हैं और ईसीजी के रिजल्ट उसी समय देख सकते हैं। इस सुविधा की वजह से मरीज के क्लीनिक न आने पर भी डायग्नोसिस हो जाता है। इस स्मार्टवॉच की कीमत और उपलब्धता के बारे में सितंबर में जानकारी मिलेगी।