सैमसंग के फोल्डेबल फोन को टक्कर देने आया Vivo X Fold 6: प्रीमियम फीचर्स से है लैस, क्या आईफोन डुओ को देगा मात?

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Tue, 06 Oct 2026 04:51 PM IST
सार

वीवो ने अपना सबसे ताकतवर और प्रीमियम फोल्डेबल फोन Vivo X Fold 6 भारतीय बाजार में आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। 6,900mAh की विशाल बैटरी, 200MP ZEISS कैमरे और मीडियाटेक के फ्लैगशिप चिपसेट से लैस इस फोन की कितनी है? क्या 200MP कैमरे और सबसे बड़ी बैटरी वाला यह फोल्डेबल स्मार्टफोन सैमसंग, गूगल और एपल जैसी कंपनियों के प्रीमियम स्मार्टफोन्स को पछाड़ पाएगा? जानिए इस अल्ट्रा-प्रीमियम डिवाइस के फीचर, स्पेसिफिकेशंस और सेल डिटेल्स के बारे में...

Vivo X Fold 6 Launched India: 200MP ZEISS Camera, 6,900mAh Battery, 120Hz Displays
Vivo X Fold 6 लॉन्च - फोटो : vivo.com

    विस्तार

    सैमसंग और एपल को टक्कर देते हुए वीवो ने भारत में अपना नया प्रीमियम फोल्डेबल स्मार्टफोन Vivo X Fold 6 लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसकी कीमत करीब 2,19,999 रखी है। फोन को सिर्फ एक कॉन्फिगरेशन में पेश किया गया है, जिसमें 12GB RAM के साथ 512GB स्टोरेज मिलती है। कंपनी ने इसे ऐसे प्रीमियम फोल्डेबल के तौर पर पेश किया है, जिसमें बड़ी स्क्रीन, दमदार प्रोसेसर, 200MP कैमरा और बड़ी बैटरी का कॉम्बिनेशन मिलता है। माना जा रहा है विवो एक्स फोल्ड 6 का मुकाबला एपल आईफोन डुओ, सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड 8 अल्ट्रा और गूगल पिक्सल 11 प्रो फोल्ड से होगा।

    सिर्फ एक वेरिएंट में आया Vivo X Fold 6

    विवो ने एक्स फोल्ड 6 को भारत में केवल एक स्टोरेज कॉन्फिगरेशन के साथ उतारा है। इसमें 12GB RAM और 512GB स्टोरेज दी गई है। फोन को दो कलर ऑप्शन में खरीदा जा सकेगा। इनमें नेबुला टील और प्रिज्म ब्लैक शामिल हैं।

    विवो एक्स फोल्ड 6 की प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है। इसकी पहली सेल 13 अक्तूबर से शुरू होगी। ग्राहक इसे विवो इंडिया ई-स्टोर, अमेज, फ्लिपकार्ट और पार्टनर रिटेल स्टोर्स से खरीद सकेंगे।

    Vivo X Fold 6 लॉन्च
    Vivo X Fold 6 लॉन्च - फोटो : vivo.com

    8.02 इंच की बड़ी इनर स्क्रीन

    विवो एक्स फोल्ड 6 में फोल्डेबल डिजाइन के साथ दो डिस्प्ले मिलते हैं। फोन की इनर स्क्रीन 8.02 इंच AMOLED है, जबकि बाहर की तरफ 6.51 इंच का कवर डिस्प्ले दिया गया है।

    दोनों स्क्रीन में अडैप्टिव 1Hz से 120Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट मिलता है। इसका मतलब जरूरत के हिसाब से स्क्रीन का रिफ्रेश रेट बदल सकता है। डिस्प्ले की लोकल पीक ब्राइटनेस 5,000 निट्स तक है, जिससे तेज रोशनी में भी स्क्रीन को देखने में मदद मिलती है।

    फोल्ड होने पर सिर्फ 9.40mm मोटाई

    डिजाइन की बात करें तो फोल्ड होने पर विवो एक्स फोल्ड 6 का डायमेंशन 157.16 × 74.26 × 9.40 मिमी है। वहीं फोन को खोलने पर इसका डायमेंशन 157.16 × 145.66 × 4.40 मिमी हो जाता है। फोन का वजन करीब 228 ग्राम है। बिल्ड के मामले में इसे IP58 और IP59 डस्ट व वॉटर रेजिस्टेंस मिला है।

    Vivo X Fold 6 लॉन्च
    Vivo X Fold 6 लॉन्च - फोटो : vivo.com

    डाइमेंसिटी 9500 सुपर एडिशन प्रोसेसर

    परफॉर्मेंस के लिए Vivo X Fold 6 में मीडियाटेक डाइमेंसिटी 9500 सुपर एडिशन चिपसेट दिया गया है। इसके साथ 12GB LPDDR5X Ultra RAM मिलती है, जिसे फोल्डेबल अनुभव के लिए ऑप्टिमाइज किया गया है।

    सॉफ्टवेयर की बात करें तो फोन एंड्रॉयड 17 आधारित OriginOS 7 पर चलता है। इसमें ओरिजिन वर्कबेंच और AI क्रॉस-एप ड्रैग जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।

    200MP ZEISS कैमरा से लैस

    कैमरा इस फोन की सबसे बड़ी खासियतों में से एक है। विवो एक्स फोल्ड 6 में रियर पर ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें OIS के साथ 200MP का मेन कैमरा मिलता है। इसके साथ 50MP ZEISS टेलीफोटो कैमरा और 50MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा दिया गया है। फोन में टेलीफोटो कैमरे के जरिए 100x डिजिटल जूम तक का सपोर्ट मिलता है। वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए यह फोन 8K तक वीडियो रिकॉर्ड कर सकता है।

    साथ ही कैमरा और इमेज प्रोसेसिंग को संभालने के लिए इसमें V3+ इमेजिंग चिप दी गई है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन के इनर और आउटर दोनों डिस्प्ले पर 20MP कैमरा दिया गया है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें